निलाक्षिका सिल्वा ने महिला टी-20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के 7वें मुकाबले में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज निलाक्षिका सिल्वा ने शानदार अर्धशतकीय पारी (54) खेली। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सिर्फ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने टी-20 विश्व कप में अपना पहला ही अर्धशतक लगाया। उनकी शानदार पारी के दम पर श्रीलंका ने न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही निलाक्षिका की पारी और साझेदारी
निलाक्षिका छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं और 37 गेंदों में 54 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी स्ट्राइक रेट 145.95 की रही। निलाक्षिका ने पहले कविशा दिलहारी के साथ 39 गेंदों में 49 रन की साझेदारी की फिर कौशानी नुथ्यंगाना के साथ 28 गेंदों में 48 रन जोड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया। निलाक्षिका टी-20 विश्व कप में अर्धशतक लगाने वाली श्रीलंका की सिर्फ तीसरी बल्लेबाज साबित हुईं।
करियर
ऐसा रहा है निलाक्षिका का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
निलाक्षिका ने 116 मुकाबले खेले हैं और इसकी 96 पारियों में 18.71 की औसत से 1,310 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 63* रन रहा है। महिला टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने अपना पहला मुकाबला 2014 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 19 मुकाबले खेले हैं और इसकी 18 पारियों में 25.25 की औसत और 101.67 की स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए हैं।
उपलब्धि
निलाक्षिका ने हासिल की ये उपलब्धि
महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में 50 या उससे अधिक रन की पारी खेलने वाली श्रीलंका की बल्लेबाजों की सूची में अब निलाक्षिका का नाम भी जुड़ गया है। उनसे पहले चमारी अट्टापट्टू 3 बार और हर्षिता समरविक्रमा एक बार यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। निलाक्षिका इस सूची में शामिल होने वाली श्रीलंका की सिर्फ तीसरी बल्लेबाज हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में निलाक्षिका ने 39 रन की पारी खेली थी। हालांकि, टीम को हार मिली थी।
उम्रदराज
टी-20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
निलाक्षिका ने महिला टी-20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक जड़कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। 36 साल और 262 दिन की उम्र में वह महिला टी-20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की क्लेयर टेलर (33 साल 262 दिन) और वेस्टइंडीज की शेमेन कैंपबेल (33 साल 242 दिन) को पीछे छोड़ दिया।