टी-20 में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं निकोलस पूरन, पिछली 9 पारियों में औसत 13.44
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन इन दिनों टी-20 क्रिकेट में खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके पूरन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत भी निराशाजनक अंदाज में की है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलते हुए उन्होंने शुरुआती 2 मैचों में सिंगल-डिजिट स्कोर बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। आइए उनके कुछ आंकड़े जानते हैं।
आंकड़े
इस साल बनाए केवल 121 रन
2026 में पूरन का प्रदर्शन लगातार गिरता दिख रहा है। IPL से पहले SA-20 लीग में उन्होंने 9 पारियों में केवल 152 रन बनाए थे, जहां उनका औसत 16.88 रहा और स्ट्राइक रेट 142.05 था। उनकी पिछली 9 टी-20 पारियों के स्कोर इस प्रकार रहा है- 1, 8, 2, 17, 17, 14, 33, 17 और 12 इस साल टी-20 में पूरन ने 9 पारियों में सिर्फ 121 रन बनाए हैं। उनका औसत 13.44 और स्ट्राइक रेट 117.5 है।
करियर
कैसा रहा है करियर?
पूरन टी-20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक गिने जाते हैं। जब वह लय में होते हैं, तो उनकी बल्लेबाजी देखने लायक होती है। उन्होंने दुनियाभर की टी-20 लीग्स में कुल 445 मैचों में 10,380 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 147.82 रहा है। उनके नाम 4 शतक और 63 अर्धशतक दर्ज हैं। वे टी-20 क्रिकेट में 712 छक्के जड़ चुके हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,275 रन बनाए हैं।