न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका: ईश सोढ़ी बची हुई टी-20 सीरीज से बाहर
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के स्पिनर ईश सोढ़ी दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ बची हुई टी-20 सीरीज से बाहर हुए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) के मुताबिक, सोढ़ी अंगूठे की चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हुए हैं। बता दें कि पहले टी-20 को हारकर न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में फिलहाल पिछड़ रही है। ऐसे में कीवी टीम के लिए सोढ़ी का बाहर होना बड़ा झटका है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिप्लेसमेंट
न्यूजीलैंड ने सोढ़ी की जगह पर किसी खिलाड़ी को नहीं जोड़ा
न्यूजीलैंड के चयनकर्ताओं ने उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को नहीं चुना है। हालांकि, लॉकी फर्ग्यूसन हैमिल्टन और ऑकलैंड में होने वाले दूसरे और तीसरे मैच के लिए टीम में शामिल हुए हैं। वह आखिरी 2 टी-20 के लिए उपलब्ध थे। मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, "ईश न्यूज़ीलैंड के लिए खेलने को लेकर बहुत जुनूनी हैं, और हम जानते हैं कि विश्व कप के बाद वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।"
सोढ़ी
सोढ़ी का बाहर होना क्यों न्यूजीलैंड के लिए है बड़ा झटका?
सोढ़ी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 140 मैचों में 23.06 की औसत और 8.15 की इकॉनमी रेट के साथ 162 विकेट लिए हैं। इस प्रारूप में कीवी टीम में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ टिम साउथी (164) ने चटकाए हैं। दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध सोढ़ी ने 2 मैचों में 15.25 की औसत से 4 विकेट चटकाए हैं।
बयान
सीरीज में वापसी करेगी न्यूजीलैंड की टीम- कोच वॉल्टर
कोच वॉल्टर ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम सीरीज में वापसी करेगी। उन्होंने आगे कहा, "हमें पूरा भरोसा है कि लॉकी के साथ-साथ मिच और कोल के आने से, हमारे पास अगले 2 मैचों के लिए पर्याप्त बैकअप मौजूद है।" न्यूजीलैंड ने इस सीरीज के लिए कई खिलाड़ियों को 2-3 मैचों के लिए चुना है। सीरीज के आखिरी 2 मैचों के लिए कैटेन क्लार्क, डेन क्लीवर, जेडेन लेनोक्स और टॉम लैथम टीम में शामिल होंगे।
सीरीज
सीरीज में फिलहाल पिछड़ रही है न्यूजीलैंड की टीम
पहले टी-20 में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए सभी विकेट खोकर सिर्फ 91 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के लिए जिमी नीशम ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए। पूरी टीम 14.3 ओवर में पवेलियन में थी। दक्षिण अफ्रीका के लिए नकोबानी मोकोएना ने 3 विकेट लिए। जवाब में प्रोटियाज ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया, जिसमें कॉनर एस्टरहुइजेन ने 45 रन की पारी खेली। अब सीरीज का दूसरा मैच 17 मार्च को खेला जाएगा।