LOADING...
न्यूजीलैंड ने दूसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी
न्यूजीलैंड ने जीता मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

न्यूजीलैंड ने दूसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी

Mar 17, 2026
02:54 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 68 रन से हराते हुए 5 मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-1 से बराबरी हासिल की। सेडन पार्क में हुए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। जवाब में प्रोटियाज टीम 15.3 ओवर में 107 रन बनाकर सिमट गई। अब सीरीज का तीसरा मैच 20 मार्च को खेला जाएगा। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।,

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड से डेवोन कॉनवे ने अर्धशतक (60) लगाया। उनके अलावा निक केली (21), मिचेल सैंटनर (20) और जोश क्लार्कसन (26*) ने मिलकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने सिर्फ 31 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। खराब शुरुआत के बाद भी मेहमान टीम ने निरंतर विकेट गंवाए और टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। दक्षिण अफ्रीका से जॉर्ज लिंडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए।

अर्धशतक 

कॉनवे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक

कॉनवे ने निक केली (21) के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 रन और कप्तान सैंटनर (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 28 रन की साझेदारी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अपनी पारी में 49 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां और प्रोटियाज टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 39 गेंदों में पूरा किया।

Advertisement

गेंदबाजी 

शानदार रही न्यूजीलैंड की गेंदबाजी 

कीवी तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 3.3 ओवर में 16 रन देते हुए 3 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने एक ओवर मेडन भी किया। कप्तान सैंटनर ने अपने 3 ओवर में 6.30 की इकॉनमी रेट के साथ 19 रन देते हुए 2 विकेट लिए। बेन सियर्स ने अपने 3 ओवर में 14 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। काइल जैमिसन कोई विकेट नहीं ले सके।

Advertisement

फर्ग्यूसन

फर्ग्यूसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया 

फर्ग्यूसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 3 मैच खेले हैं, जिसमें 15.60 की औसत और 7.31 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 5 विकेट लिए हैं। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 53 मैच खेले हैं, जिसमें 17.94 की औसत और 7.44 की इकॉनमी रेट के साथ 75 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/21 रहा है।

Advertisement