न्यूजीलैंड बनाम भारत: नितीश रेड्डी के नाम दर्ज हुआ गेंदबाजी का यह अनचाहा रिकॉर्ड
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर नितीश रेड्डी के नाम न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ ईडन पार्क में खेले गए सीरीज के चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बड़ा अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। रेड्डी ने अपने 4 ओवर के कोटे में 16 की इकॉनमी रेट से 64 रन लुटा दिए। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से की गई संयुक्त दूसरी सबसे महंगी गेंदबाजी रही है। आइए नितीश रेड्डी की गेंदबाजी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही रेड्डी के गेंदबाजी?
न्यूजीलैंड की पारी का 16वां ओवर लेकर आए रेड्डी का वह ओवर काफी महंगा रहा।
इसमें शतकवीर बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने लगातार 4 छक्के जड़ते हुए कुल 32 रन बटोरे।
इसके साथ ही रेड्डी भारत की तरफ से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
उन्होंने साल 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडरहिल में स्टुअर्ट बिन्नी द्वारा एक ओवर में 32 रन दिए जाने के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
बराबरी
रेड्डी ने की चहल और चक्रवर्ती की बराबरी
ऑकलैंड में रेड्डी ने 4 ओवर में 1/64 के आंकड़े दर्ज किए। यह टी-20 अंतराष्ट्रीय में भारत के लिए संयुक्त दूसरा सबसे महंगा स्पैल है।
उन्होंने युजवेंद्र चहल और वरुण चक्रवर्ती की बराबरी की है।
चहल ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और चक्रवर्ती ने 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन लुटाए थे।
सूची में प्रसिद्ध कृष्णा पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में गुवाहाटी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने 4 ओवर में 68 रन लुटाए थे।
परिणाम
भारत को चौथे मुकाबले में मिली हार
मैच में कीवी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 259/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो भारत के खिलाफ उनका अब तक का सबसे बड़ा टी-20 स्कोर है।
फिलिप्स ने महज 49 गेंदों में 107 रनों (6 चौके, 10 छक्के) की तूफानी शतकीय पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों में 65 रन बनाए।
जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में तिलक वर्मा (35) की पारी से 172/9 रन ही बना सकी और 87 रनों से मुकाबला हार गई।