न्यूजीलैंड बनाम भारत: मैट हेनरी हुए बची हुई टी-20 सीरीज से बाहर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाई हुई है। अब सीरीज का तीसरा मैच 27 अक्टूबर को खेला जाना है। इस बीच न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी बची हुई टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने ये फैसला किया है। वहीं, लॉकी फर्ग्यूसन भी तीसरे टी-20 के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
वनडे
वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे हेनरी
हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रुकेंगे और फिर 2 नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम से जुड़ेंगे।
शनिवार को हुए सीरीज के दूसरे टी-20 मैच में हेनरी ने केवल 2 ओवर फेंके थे और फिर मैदान से बाहर चले गए थे।
कप्तान मिचेल सैंटनर ने बताया कि उन्हें पिंडली में जकड़न की समस्या हुई थी।
उन्होंने दूसरे टी-20 में अपने 2 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 11 रन दिए थे।
अपडेट
फर्ग्यूसन तीसरे टी-20 के लिए नहीं होंगे उपलब्ध
फर्ग्यूसन दूसरे टी-20 में एहतियात के तौर पर मैदान से बाहर चले गए थे।
वह अब वेलिंगटन में होने वाला तीसरा टी-20 मैच नहीं खेलेंगे। वह ऑकलैंड और हैमिल्टन में होने वाले आखिरी 2 मैचों के लिए टीम में वापस आ जाएंगे।
काइल जैमीसन तीसरे टी-20 के बाद वेलिंगटन में ही रुकेंगे और बेसिन रिजर्व में कैंटरबरी के लिए फोर्ड ट्रॉफी का एक मैच खेलेंगे।
वह आखिरी 2 टी-20 में नहीं खेलेंगे और वनडे सीरीज की टीम में वापसी करेंगे।
टीम
ब्लेयर टिकनर भी टीम से जुड़ेंगे
हेनरी के बाहर होने के बाद ब्लेयर टिकनर आखिरी 3 मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जबकि जोश क्लार्कसन अंतिम 2 मैचों के लिए टीम का हिस्सा बनेंगे।
इनके अलावा, तीसरे टी-20 के लिए मैट फिशर भी टीम के साथ वेलिंगटन जाएंगे, जो कवर के तौर पर रहेंगे।
न्यूजीलैंड के पास अपनी टीम में जैकब डफी, नाथन स्मिथ और एडम मिल्ने जैसे विकल्प मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल वे 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करने के लिए कर सकते हैं।
बयान
वर्कलोड को लेकर क्या बोले कोच?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, "हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हमारी टीम में काफी गहराई है, जिससे हम अपने तेज गेंदबाजों के वर्कलोड का संतुलन बनाए रखने के लिए अलग-अलग खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि आने वाले सभी क्रिकेट मैचों में वह टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की स्थिति में रहें।"