न्यूजीलैंड बनाम भारत: लॉकी फर्ग्यूसन बची हुई टी-20 सीरीज से हुए बाहर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को सीरीज के शुरुआती 3 टी-20 मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा है। अब मेजबान टीम के लिए एक और बुरी खबर है। दरअसल, ईडन पार्क में भारत के खिलाफ होने वाले चौथे टी-20 से पहले लॉकी फर्ग्यूसन भी चोटिल खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। वह अब बची हुई टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
अपडेट
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने किया ऐलान
फर्ग्यूसन की जगह टीम में मैट फिशर को शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने स्पष्ट किया कि फर्ग्यूसन को दूसरे टी-20 के दौरान अपनी दाईं पिंडली में दर्द महसूस हुआ था।
बाद में स्कैन कराने पर पता चला कि वहां हल्का टियर (मांसपेशियों में खिंचाव या चोट) है।
उन्हें ठीक होने में लगभग एक और हफ्ता लग सकता है, जिसके बाद ही मैदान पर वापसी कर सकेंगे।
जानकारी
कैसा है फिशर का टी-20 करियर?
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज फिशर ने अब तक 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सिर्फ एक विकेट लिया है। अपने टी-20 क्रिकेट करियर में उन्होंने 36 मैचों में 28 विकेट लिए हैं।
बयान
सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं हेनरी
मैट हेनरी पहले ही टी-20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं। दूसरे टी-20 के दौरान उनकी दाईं जांघ में दर्द हुआ, जिसके बाद उनकी जांच की गई थी।
NZC के मुताबिक, उन्हें ठीक होने में एक से दो हफ्ते का समय लगेगा।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, "हम लॉकी और मैट के लिए बहुत दुखी हैं। चोटें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा हैं, लेकिन जब आपको मैच छोड़ने पड़ें, तो यह स्थिति बिल्कुल भी आसान नहीं होती।"
सीरीज
भारत ने सीरीज में बनाई हुई है अजेय बढ़त
अब तक टी-20 सीरीज में खेले गए तीनों मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली है।
पहले 2 मैच भारत ने 4 विकेट से जीते थे।
आखिरी टी-20 में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय टीम ने 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।
अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 38 गेंदों का सामना कर 113 रन बनाए थे और टीम ने सीरीज में अजेय बढ़त बनाई।