न्यूजीलैंड बनाम भारत: डेरिल मिचेल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक जड़ा, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने शानदार अर्धशतकीय पारी (89*) खेली। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक रहा। भारत के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपना दूसरा पचासा लगाया। उनकी शानदार पारी के दम पर कीवी टीम 20 ओवर में 198/3 का स्कोर बनाने में सफल रही। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही मिचेल की पारी और साझेदारी
मिचेल ने 52 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए, जबकि उनकी स्ट्राइक रेट 171.15 की रही।
उन्होंने तीसरे विकेट के लिए फिन एलन के साथ 43 गेंदों में 86 रन की साझेदारी की।
इसके बाद ग्लेन फीलिप्स के साथ 21 गेंदों में 33 रन जोड़े।
बेवॉन जैकब्स के साथ भी मिचेल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 48 गेंदों में 75 रन की साझेदारी निभाई।
भारत
भारत के खिलाफ ऐसे रहे है मिचेल के आंकड़े
भारत के खिलाफ मिचेल ने 2019 में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। वह अब तक 23 मैचों की 23 पारियों में 26.63 की औसत से 506 रन बना चुके हैं।
उनकी स्ट्राइक रेट 151.49 की रही है। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए हैं।
भारत के खिलाफ इसी मैच में उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वोच्च स्कोर भी बनाया। मिचेल ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में सबसे ज्यादा रन भी भारत के खिलाफ ही बनाए हैं।
करियर
मिचेल ने पूरे किए 2,000 रन
मिचेल ने इस पारी के दौरान इस प्रारूप में अपने 2,000 रन भी पूरे कर लिए।
उन्होंने अब तक 107 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और इसकी 93 पारियों में 27.80 की औसत से 2,002 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन रहा है।
मिचेल 2 बार खाता खोले बिना पवेलियन भी लौटे हैं। उनके बल्ले से 137 चौके और 79 छक्के निकले हैं।