Page Loader
न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया: मार्नस लाबुशेन अपने 12वें टेस्ट शतक से चूके, जानिए उनके आंकड़े
मार्नस लाबुशेन ने खेली 90 रन की पारी (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया: मार्नस लाबुशेन अपने 12वें टेस्ट शतक से चूके, जानिए उनके आंकड़े

Mar 09, 2024
08:20 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे क्राइस्टचर्च टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के मार्नस लाबुशेन ने 90 रन की पारी खेली। उनकी बदौलत कंगारू टीम ने अपनी पहली पारी में 256 रन बनाए और 94 रन की बढ़त हासिल की। वह अपने टेस्ट करियर के 12वें शतक से चूक गए। यह उनका न्यूजीलैंड की धरती पर सर्वोच्च स्कोर दर्ज हो गया है। आइए लाबुशेन की पारी और उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही लाबुशेन की पारी 

मैच के पहले दिन के खेल की समाप्ति तक लाबुशेन 45 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद थे। दूसरे दिन भी उन्होंने उम्दा बल्लेबाजी की और 90 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने नाथन लियोन के साथ मिलकर 51 रन की साझेदारी भी की। वह लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर से डटे रहे। उनकी पारी का अंत टिम साउथी ने कर दिया। लाबुशेन ने 12 चौकों की बदौलत 90 रन बनाए।

बनाम न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतरीन रहा है लाबुशेन का प्रदर्शन 

लाबुशेन ने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 9 पारियों में उन्होंने 71.33 की औसत के साथ 642 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। वह कीवी टीम के खिलाफ एक दोहरा शतक भी लगा चुके हैं। बता दें कि न्यूजीलैंड की धरती पर उन्होंने अब तक 3 पारियां खेली हैं, जिसमें 31.00 की औसत के साथ कुल 93 रन बनाए हैं।

टेस्ट करियर

शानदार चल रहा है लाबुशेन का टेस्ट करियर 

लाबुशेन ने 2018 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। लगभग 6 साल लम्बे टेस्ट करियर में उन्होंने 50 मैच खेले हैं, जिसकी 89 पारियों में 50.10 की औसत के साथ 4,108 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 12 शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं। वह अपने टेस्ट किरयर में अब तक 2 दोहरे शतक भी लगा चुके हैं। उनका टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 215 रन है, जो कीवी टीम के खिलाफ ही आया था।

बढ़त

ऑस्ट्रेलिया ने हासिल की बढ़त 

लाबुशेन को छोड़कर कोई अन्य कंगारू बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। निचले क्रम में मिचेल स्टार्क ने 28 रन का योगदान दिया और ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 256 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 7 विकेट अपने नाम किए। हेनरी के अलावा साउथी, बेन सीयर्स और ग्लेन फिलिप्स ने 1-1 विकेट चटकाए। इससे पहले न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में सिर्फ 162 रन बनाए थे।