न्यूजीलैंड ने सफलतापूर्वक हासिल किया महिला वनडे इतिहास सबसे बड़ा लक्ष्य, दक्षिण अफ्रीका को हराया
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 2 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। प्रोटियाज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 346/6 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कीवी टीम ने 49.4 ओवर में 350/8 रन बनाते हुए 2 विकेट से जीत दर्ज कर ली। यह महिला वनडे में सफलतापूर्वक हासिल किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य है।
लेखा-जोखा
न्यूजीलैंड ने किस तरह दर्ज की जीत?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोटियाज टीम ने एनेके बॉश कप्तान (91), लौरा वोल्वार्ड्ट (63) और क्लोई ट्रायोन (52*) की अर्धशतकीय पारियों ने 346/6 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कीवी टीम को 130 रन तक 4 झटके लग गए थे। उसके बाद कप्तान अमेलिया केर (179*) और इसाबेल गेज (68) ने की पारियों से टीम ने 8 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। केर 139 गेंदों में 23 चौके और 1 छक्का जड़कर नाबाद रही।
रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को पछाड़ दिया
इस जीत के साथ कीवी टीम के नाम वनडे में सफलतापूर्वक सबसे बड़े लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उसने इस मामले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 2025 में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 339 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया टीम तीसरे पायदान पर है, जिसने 2025 में ही भारतीय टीम के खिलाफ 331 रन का लक्ष्य 7 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।
उपलब्धि
केर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली दूसरी सर्वोच्च पारी
केर ने अपनी शतकीय पारी के साथ खास उपलब्धि भी हासिल की है। वह अब महिला वनडे इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। इस सूची में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 195 रन की पारी खेली थी। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग हैं, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 152* रन बनाए थे।