भारत के खिलाफ अगले वनडे मुकाबलों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में हुए बड़े बदलाव
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी 2 मुकाबलों से न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण बाकी दोनों मैचों से बाहर हो गए हैं। वहीं, ब्लेयर टिकनर को वेलिंगटन में खेले गए वनडे के दौरान हेलमेट पर गेंद लगी थी। इसके बाद उन्हें 7 दिन के लिए अनिवार्य आराम पर रखा गया है। फर्ग्यूसन टी-20 सीरीज के दौरान लगी दाएं पिंडली की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं।
चोट
टिकनर की जगह इस खिलाड़ी को मिला मौका
टिकनर को जांच के बाद कनकशन (सिर में चोट) से मुक्त घोषित कर दिया गया है।
हालांकि, वेलिंगटन वनडे में उनकी जगह मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अनिवार्य नियम के तहत टिकनर को 7 दिन आराम करना होगा।
इसके चलते वह सीरीज के अगले 2 मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। वहीं, तीसरे वनडे से पहले क्रिस्टियन क्लार्क को टिकनर के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।
जानकारी
ऐसा रहा है क्लार्क का वनडे करियर
ऑलराउंडर क्लार्क ने न्यूजीलैंड के लिए अब तक 4 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 4 पारियों में 28 की औसत से 7 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/54 का रहा है। बतौर बल्लेबाज उन्होंने 3 पारियों में 39 रन बनाए हैं।
तेज गेंदबाज
मैट हेनरी की चौथे मुकाबले में हो सकती है वापसी
मैट हेनरी भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले से मैदान पर वापसी कर सकते हैं। यह मैच माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा।
सीरीज शुरू होने से पहले डेवोन कॉनवे से टकराने के कारण हेनरी चोटिल हो गए थे।
हालांकि, जांच में उन्हें सिर में चोट (कनकशन) नहीं होने की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा, दूसरे टी-20 मुकाबले के दौरान उनकी दाईं जांघ की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव आ गया था।
वनडे टीम
हेनरी और काइल जैमीसन टेस्ट टीम के शिविर से नहीं जुड़ेंगे
हेनरी और काइल जैमीसन को तीसरे वनडे के बाद वेलिंगटन में टेस्ट टीम के शिविर से जुड़ना था, लेकिन अब वे चौथे वनडे के लिए भी टीम के साथ रुकेंगे।
टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ तीसरे वनडे के अगले दिन बुधवार को टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वेलिंगटन रवाना होंगे।
टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान जल्द किया जाएगा। भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है।
दल
तीसरे और चौथे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम
तीसरे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जैमीसन, निक केली, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ और विल यंग।
चौथे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, टिम साइफर्ट और विल यंग।