भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम घोषित, इन खिलाड़ियों को मिला मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 22 अक्टूबर से 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपनी टीम घोषित कर दी है। चोटिल होने के कारण रचिन रविंद्र पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं, तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की टी-20 टीम में वापसी हुई है। मिचेल सैंटनर टीम के कप्तान होंगे। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।
टीम
ऐसी है न्यूजीलैंड की पूरी टीम
भारत के खिलाफ सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट और नाथन स्मिथ।
मिल्ने ने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2025 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
चोटिल होने के कारण टी-20 विश्व कप का हिस्सा नहीं बने माइकल ब्रेसवेल की भी वापसी हुई है।
बाहर
इस कारण हुए रचिन बाहर
रचिन कंधे की चोट के कारण भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हुए हैं। उन्हें पिछले सप्ताह प्रचार कार्यक्रम की शूटिंग के दौरान चोट लगी थी।
उनको पूरी तरह फिट होने में करीब 6 सप्ताह लग सकते हैं। उनका लक्ष्य 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज तक वापसी करना है।
उनकी जगह बेवन जैकब्स को टीम में शामिल किया गया है। जैकब्स ने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 62 रन बनाए थे।
सलामी बल्लेबाज
न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी की हुई वापसी
न्यूजीलैंड की टी-20 टीम में एलन और सेफर्ट की जोड़ी एक बार फिर पारी की शुरुआत करती नजर आएगी।
दोनों के पास न्यूजीलैंड क्रिकेट के आकस्मिक अनुबंध हैं और वे साल के अंत में बिग बैश लीग (BBL) में भी खेलेंगे।
टी-20 विश्व कप 2026 के बाद पहली बार दोनों शीर्ष क्रम में साथ उतरेंगे।
वहीं, इस बदलाव के चलते टिम रॉबिन्सन को टीम में जगह नहीं मिल सकी है।
मुकाबले
कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले
सीरीज का पहला मैच 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा।
दूसरा मुकाबला 24 अक्टूबर को इसी मैदान पर होगा। इसके बाद तीसरा मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।
चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगा। सीरीज का आखिरी मैच 1 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा।
इसके बाद 4 नवंबर से वनडे सीरीज शुरू होगी। इस सीरीज में भी 5 मुकाबले होंगे।