सुपर ओवर में न्यूजीलैंड की किस्मत का खराब खेल जारी, जानिए क्या कहते हैं आंकड़े
क्या है खबर?
भारत के खिलाफ चौथे टी-20 में न्यूजीलैंड जीती हुई बाज़ी हार गया। पहले न्यूजीलैंड को दो गेंदो में जीत के लिए जब दो रन बनाने थे, वहां से मैच टाई हुआ। इसके बाद सुपर ओवर में भारत ने पांच गेंदों में 14 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सातवीं बार न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हार मिली। न्यूजीलैंड ने अब तक आठ सुपर ओवर खेले हैं, जिसमें एक में उसे जीत और सात में हार मिली है।
जानकारी
न्यूजीलैंड ने खेले हैं सबसे ज्यादा सुपर ओवर
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा सुपर ओवर न्यूजीलैंड ने खेले हैं। इसके साथ ही सुपर ओवर में सबसे ज्यादा हार भी न्यूजीलैंड को ही मिली है। टी-20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड ने सात सुपर ओवर खेले हैं।
आठवां सुपर ओवर
ऐसी रही न्यूजीलैंड की सुपर ओवर में सातवीं हार
29 जनवरी को भारत के खिलाफ सुपर ओवर गंवाने के बाद 31 जनवरी को एक बार फिर न्यूजीलैंड सुपर ओवर खेल रहा था।
सुपर ओवर की पहली तीन गेंदों में टिम साइफर्ट ने आठ रन बनाए, लेकिन चौथी गेंद पर वह आउट हो गए। न्यूजीलैंड ने छह गेंदों में 13 रन बनाए।
भारत के लिए केएल राहुल पहली दो गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए।
विराट कोहली ने दो गेंद खेलकर भारत को जीत दिलाई।
पहला सुपर ओवर
वेस्टइंडीज़ के खिलाफ न्यूजीलैंड ने खेला था पहला सुपर ओवर
26 दिसंबर, 2008 को आकलैंड में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ न्यूजीलैंड ने इंटरनेशनल क्रिकेट का पहला सुपर ओवर खेला था।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 155 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज़ भी 20 ओवरों में 155 रन ही बना सकी थी।
इसके बाद वेस्टइंडीज़ ने सुपर ओवर में 25 रन बना दिए थे, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में सुपर ओवर के इतिहास का सर्वाधिक स्कोर है। जवाब में न्यूजीलैंड 15 रन ही बना पाया था।
दूसरा सुपर ओवर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने दूसरे सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को मिली थी जीत
28 फरवरी, 2010 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड ने अपना दूसरा सुपर ओवर खेला। इस मैच में कीवी टीम को जीत मिली थी।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 214 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम भी निर्धारित ओवरों में इतने ही रन बना सकी थी।
इसके बाद सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने 9 रन बनाए, जवाब में ऑस्ट्रेलिया एक विकेट खोकर 6 रन ही बना सका।
तीसरा सुपर ओवर
2012 टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ न्यूजीलैंड ने खेला अपना तीसरा सुपर ओवर
27 सितंबर, 2012 को श्रीलंका के खिलाफ कैंडी में न्यूजीलैंड ने अपना तीसरा सुपर ओवर खेला। इस मैच में कीवी टीम को हार झेलनी पड़ी थी।
न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए इस मैच में 20 ओवर में 174 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका ने भी निर्धारित ओवरों में 174 रन ही बनाए।
इसके बाद सुपर ओवर में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को 14 रनों का लक्ष्य दिया, लेकिन कीवी टीम एक विकेट के नुकसान पर 7 रन ही बना सकी।
चौथा सुपर ओवर
2012 टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने खेला था अपना चौथा सुपर ओवर
01 अक्टूबर, 2012 को वेस्टइंडीज़ के खिलाफ न्यूजीलैंड ने अपना चौथा सुपर ओवर खेला। इस मैच में कीवी टीम को बेहद करीबी हार झेलनी पड़ी थी।
वेस्टइंडीज़ ने इस मैच में पहले खेलते हुए 139 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड भी 20 ओवर में 139 रन ही बना सकी थी।
इसके बाद न्यूजीलैंड ने सुपर ओवर में पहले खेलते हुए 17 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज़ ने 19 रन बनाकर मैच जीत लिया था।
पांचवां सुपर ओवर
इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल न्यूजीलैंड ने खेला अपना पांचवां सुपर ओवर
नवंबर, 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर में न्यूजीलैंड ने अपना पांचवां सुपर ओवर खेला। इस मैच में भी न्यूजीलैंड को हार झेलनी पड़ी।
बारिश से बाधित 11-11 ओवर के इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 146 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने भी 11 ओवर में इतने ही रन बना दिए।
इसके बाद सुपर ओवर में इंग्लैंड ने 17 रन बनाए। जवाब में कीवी टीम एक विकेट के नुकसान पर आठ रन ही बना सकी।
छठा सुपर ओवर
शायद ही कोई भूल पाएगा 2019 विश्व कप का न्यूजीलैंड का सुपर ओवर
2019 विश्व कप के फाइनल में पहली बार न्यूजीलैंड ने वनडे क्रिकेट में सुपर ओवर खेला। इस मैच को शायद ही कोई भूल पाएगा।
50 ओवर के इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले 241 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने भी निर्धारित ओवरों में 241 रन बना दिए।
इसके बाद सुपर ओवर में इंग्लैंड ने 15 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने भी 15 रन बना दिए, लेकिन ज्यादा बाउंड्री लगाने के कारण इंग्लैंड को विजेता घोषित किया गया।
सातवां सुपर ओवर
इस तरह सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को मिली थी छठी हार
तीसरे टी-20 में भारत के खिलाफ सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए दौ चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए थे।
जवाब में भारत पहली दो गेंदो में तीन रन ही बना सका। इसके बाद तीसरी गेंद पर राहुल ने चौका लगाया, लेकिन चौथी गेंद पर फिर एक रन ही बना।
भारत को जीत के लिए अब दो गेंदो में 10 रन बनाने थे और रोहित ने दो छक्के लगाकर भारत को जीत दिला दी।