न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में मेजबान वेस्टइंडीज को 5 विकेट हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ कीवी टीम ने सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। मुकाबले में पहले खेलते हुए कैरेबियन टीम 36 ओवर में ही 138 रन पर ढेर हो गई। जवाब में कीवी टीम ने 32.4 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए इस मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
न्यूजीलैंड ने इस तरह दर्ज की जीत
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
वेस्टइंडीज को 63 रन पर पहला झटका लगा था, लेकिन उसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया और 138 रन तक पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
टीम के लिए जॉन कैंपबेल (48) ने सर्वोच्च पारी खेली।
जवाब में कीवी टीम ने टॉम लैथम (37*) और विल यंग (28) की पारी से 5 विकेट पर 141 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
बल्लेबाजी
वेस्टइंडीज ने 65 रन के अंतराल में गंवाए 10 विकेट
वेस्टइंडीज के विकेटों के पतझड़ का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि टीम ने महज 65 रन के अंतराल में अपने 10 विकेट गंवा दिए।
टीम को कैंपबेल और अकीम ऑगस्ट (18) की जोड़ी ने 63 रन की ओपनिंग शुरुआत दी थी, लेकिन उसके बाद लगातार विकेट गिरते गए।
पहले विकेट के बाद केसी कार्टी (18) और अमीर जांगू (24) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। अन्य 6 बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।
गेंदबाजी
जेडेन लेनॉक्स ने किया करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
कीवी टीम के लिए स्पिनर जेडेन लेनॉक्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। यह उनके करियर का पहला ही 5 विकेट हॉल रहा।
उन्होंने कप्तान शाई होप (7), शेरफेन रदरफोर्ड (8), गुडाकेश मोती (1), मैथ्यू फोर्ड (1) और विटेल लावेश (0) को अपना शिकार बनाया।
उन्होंने 8 ओवर में 19 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। उनके अलावा माइकल ब्रैसवेल और सैंटनर ने भी 2-2 विकेट चटकाए।
उपलब्धि
लेनॉक्स ने न्यूजीलैंड के लिए बतौर स्पिनर किया तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
बाएं हाथ के स्पिनर लेनॉक्स ने 5 विकेट हॉल के साथ खास उपलब्धि भी हासिल कर ली है।
उनका यह प्रदर्शन वनडे क्रिकेट इतिहास में किसी भी न्यूजीलैंड स्पिनर द्वारा किया गया तीसरा सबसे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
कीवी टीम के लिए वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्पिनर ईश सोढ़ी हैं, जिन्होंने 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ 6/36 के आंकड़े दर्ज किए थे।
दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी (5/7 बनाम बांग्लादेश, 2004) हैं।
जानकारी
न्यूजीलैंड के स्पिनर्स का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस मैच में न्यूजीलैंड के स्पिन गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज के 9 विकेट चटकाए। पुरुष वनडे क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है जब न्यूजीलैंड के स्पिनर्स ने किसी एक वनडे पारी में इतने अधिक विकेट लिए हैं।