न्यूजीलैंड ने तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज को हराया, सीरीज में बनाई 2-1 से बढ़त
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराया। गुयाना में खेले गए मैच में मेजबान टीम के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम सिर्फ 140 रन पर ही सिमट गई। जवाब में कीवी टीम ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। इस जीत के साथ ही 5 मैचों की सीरीज में कीवी टीम ने फिलहाल 2-1 से बढ़त बना ली है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
वेस्टइंडीज से जॉन कैंपबेल (6) के रिटायर्ड आउट होने के बाद, शाई होप (8) और शेरफेन रदरफोर्ड (4) जल्दी आउट हुए।
संकट की घड़ी में कीसी कार्टी (48) ने संघर्ष किया, लेकिन जेडेन लेनॉक्स की उम्दा गेंदबाजी (4/52) के सामने पूरी कैरेबियाई टीम सिर्फ 37.1 ओवर में सिमट गई।
जवाब में न्यूजीलैंड ने भी 89 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए।
इसके बाद टॉम लैथम (31*) और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (22*) ने जीत सुनिश्चित की।
गेंदबाजी
जेडेन लेनॉक्स ने लिए 4 विकेट
न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर जेडेन लेनॉक्स ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। उन्होंने अपने 10 ओवर में 52 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
31 वर्षीय इस गेंदबाज ने होप, कीमो पॉल, गुडाकेश मोती और अलजारी जोसेफ को पवेलियन की राह दिखाई।
लेनोक्स इस सीरीज में अब तक कुल 10 विकेट ले चुके हैं।
उन्होंने सीरीज के दूसरे वनडे मैच में 19 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे।
कीसी कार्टी
कीसी कार्टी अर्धशतक से चूके
नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए कीसी कार्टी अपने वनडे करियर के 7वें अर्धशतक से चूक गए।
वह 77 गेंदों का सामना करते हुए 48 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी का अंत माइकल ब्रेसवेल ने किया।
अपने वनडे करियर में उन्होंने 51 मैच खेले हैं और इसकी 47 पारियों में उन्होंने 42.40 की औसत और 76.66 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,781 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 4 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं।
बल्लेबाजी
ऐसी रही न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी
न्यूजीलैंड से पारी की शुरुआत करने आए हेनरी निकोलस पहले विकेट के रूप में आउट हुए। वह 48 गेंदों का सामना कटे हुए 24 रन बनाकर आउट हुए।
नंबर-3 पर खेलने उतरे मार्क चैपमैन सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद विल यंग (23) और डेरिल मिचेल (28) भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके।
आखिर में टॉम लैथम (31*) और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (22*) ने जीत दिलाई।