न्यूजीलैंड के लिए इन चुनिंदा खिलाड़ियों ने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में लगाए हैं शतक
क्या है खबर?
क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय) में शतक लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के लिए अब तक केवल चुनिंदा खिलाड़ियों ने ही यह मुकाम हासिल किया है, जिन्होंने अपनी तकनीक, निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई है। इन खिलाड़ियों ने अलग-अलग परिस्थितियों में रन बनाकर कीवी टीम को कई यादगार जीत दिलाई हैं। ऐसे में आइए इन खिलाड़ियों के आंकड़े जान लेते हैं।
#1
ब्रेडन मैकुलम
न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ब्रेडन मैकुलम उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने कीवी टीम के लिए क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में शतक लगाए हैं। मैकुलम ने 101 टेस्ट मैचों की 176 पारियों में 12 शतक और 31 अर्धशतक बनाए थे। वहीं, 260 वनडे मैचों की 228 पारियों में उनके बल्ले से 5 शतक और 32 अर्धशतक निकले थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 71 मैचों की 70 पारियों में 2 शतक और 13 अर्धशतक जड़े थे।
#2
मार्टिन गुप्टिल
कीवी टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 47 टेस्ट मैच खेले और 89 पारियों में 3 शतक लगाए थे। वनडे क्रिकेट में गुप्टिल का रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने 198 मैचों की 195 पारियों में 18 शतक जड़े थे। वहीं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा। गुप्टिल ने 122 मैचों की 118 पारियों में 2 शतक लगाए थे। यह बल्लेबाज अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुका है।
#3
ग्लेन फिलिप्स
इस सूची में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स का नाम भी शामिल हो गया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शानदार शतकीय पारी खेलते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। वनडे में उन्होंने 47 मैचों की 39 पारियों में 2 शतक लगाए हैं, जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 97 मैचों की 85 पारियों में भी 2 शतक उनके नाम दर्ज हैं। वे क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में न्यूजीलैंड के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं।