नामीबिया बनाम दक्षिण अफ्रीका: लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के छठे मुकाबले में नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (101) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 52 गेंदाें में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही प्रोटियाज टीम मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 228/4 का बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही प्रिटोरियस की पारी और साझेदारी?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रोटियाज टीम को प्रिटोरियस और कॉनर एस्टरहुइजेन (88) की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई।
दोनों ने पॉवरप्ले में ही 70 रन बना दिए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 गेंदों में 156 रन की साझेदारी निभाई।
इस दौरान प्रिटोरियस ने अर्धशतक पूरा किया और फिर उसे शतक में तब्दील कर दिया। वह अपनी पारी में 53 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों से 101 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
प्रिटोरियस-एस्टरहुइजेन ने बनाया साझेदारी का यह रिकॉर्ड
प्रिटोरियस और एस्टरहुइजेन के बीच पहले विकेट के लिए हुई 156 रन की साझेदारी टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है।
सबसे बड़ी सलामी साझेदारी का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ और लूट्स बोसमैन (170 रन बनाम इंग्लैंड, 2009) के नाम दर्ज है।
यह दक्षिण अफ्रीका के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी विकेट के लिए की गई छठी सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई है।
उपलब्धि
प्रिटोरियस ने पूरे किए 100 टी-20 छक्के
इस मैच में 8 गगनचुंबी छक्के लगाने के साथ ही प्रिटोरियस ने अपने ओवरऑल टी-20 क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने का कीर्तिमान भी रच दिया।
अब उनके नाम 90 टी-20 मैचों में कुल 105 छक्के हो गए हैं।
प्रिटोरियस इस टूर्नामेंट में लगातार दो मैचों में 90+ का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
इस शतक से ठीक पिछले मैच में उन्होंने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ 94 रन दमदार पारी खेली थी।
करियर
कैसा रहा है प्रिटोरियस का टी-20 अंतराष्ट्रीय करियर?
प्रिटोरियस ने 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिसकी 17 पारियों में 20.38 की औसत और 150.88 की स्ट्राइक रेट से 427 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें एक शतक के अलावा 2 अर्धशतक भी शामिल है। वह इस प्रारूप में 15 छक्के और 48 चौके भी जड़ चुके हैं।
उन्होंने 90 टी-20 मैचों में 2 शतकों से 2,389 रन बनाए हैं।