नाहिद राणा ने बांग्लादेश के लिए वनडे इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया, ये रिकॉर्ड्स बनाए
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नाहिद राणा शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे में घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। हालांकि, उनके इस यादगार प्रदर्शन के बावजूद बांग्लादेश को 25 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम के बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करते हुए उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।
गेंदबाजी
ऐसी रही नाहिद की गेंदबाजी
नाहिद ने 10 ओवर में 2 मेडन फेंकते हुए महज 21 रन देकर 6 विकेट झटके। इस दौरान उनकी इकॉनमी 2.10 की रही। यह उनके करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल रहा। जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले ही वनडे में उन्होंने 5 विकेट लिया। नाहिद की घातक गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे की पहली पारी 36.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। जवाब में बांग्लादेश की टीम 33.1 ओवर में 116 रन पर ही ऑलआउट हो गई।
सर्वश्रेष्ठ
वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
नाहिद ने वनडे में किसी भी बांग्लादेशी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया है। उन्होंने साल 2006 में केन्या क्रिकेट टीम के खिलाफ 26 रन देकर 6 विकेट लेने वाले मशरफे मुर्तजा और 2013 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 26 रन देकर 6 विकेट लेने वाले रुबेल हुसैन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में इन गेंदबाजों के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 35 रन देकर 6 विकेट लेने वाले रिशाद हुसैन हैं।
उपलब्धि
नाहिद ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
नाहिद ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वह वनडे क्रिकेट में सबसे कम मैचों में 3 बार 5 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए। नाहिद ने यह उपलब्धि अपने 14वें वनडे में हासिल की। इस मामले में बांग्लादेश के मुस्तफिजुर 9 मैचों के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के रयान हैरिस (16), श्रीलंका के अजंथा मेंडिस (17) और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क (17) का नाम उनके बाद आता है।
करियर
ऐसा रहा है नाहिद का वनडे करियर
नाहिद ने 2024 में अपना वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने 14 मैचों की 14 पारियों में 19.70 की शानदार औसत से 31 विकेट लिए हैं। इस दौरान वह एक बार 4 विकेट और 3 बार 5 विकेट हॉल लेने में सफल रहे हैं। 21 रन देकर 6 विकेट उनका वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। नाहिद ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 9 विकेट न्यूजीलैंड के खिलाफ लिए हैं। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में भी 6/21 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।