क्रिकेट टीम में चयन नहीं होने से नागपुर की युवा खिलाड़ी ने की आत्महत्या- रिपोर्ट
क्या है खबर?
नागपुर में 17 साल की क्रिकेट खिलाड़ी अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने आत्महत्या कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम में चयन नहीं होने से काफी निराश थीं। यह घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे लक्ष्मीनगर स्थित उनके घर पर हुई। मौके से एक नोट भी बरामद हुआ, जिसमें लिखा था, "मेरा सेलेक्शन नहीं हुआ।" शुरुआती जांच में इसे उनकी निराशा से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साल
2 साल से लगातार मेहनत कर रहीं थी अदिति
अदिति पिछले 2 सालों से VCA की टीम में चयन हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही थीं।
वह क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने का सपना देख रही थीं और लगातार प्रशिक्षण ले रही थीं।
हालांकि, टीम में जगह नहीं मिलने के बाद कथित तौर पर वह काफी मानसिक तनाव में भी आ गईं थी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, चयन में असफलता से निराश होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
क्रिकेट
BCCI से जुड़ी किसी अकादमी में जाना चाहती थीं अदिति
महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली 17 साल की अदिति क्रिकेट में करियर बनाने का सपना लेकर 2 साल पहले अपनी मां के साथ नागपुर आई थीं।
वह सर्वे क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही थीं और उनकी इच्छा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से जुड़ी किसी अकादमी में जगह बनाकर उच्च स्तर पर क्रिकेट खेलने की थी।
अदिति लगातार खेल को निखारने में जुटी थीं। उनके परिवार का क्रिकेट से गहरा जुड़ाव था और उनका भाई भी क्रिकेटर है।
मामला
पुलिस ने क्या कहा?
बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है।
पुलिस निरीक्षक चेतन चौहान के अनुसार, शुरुआती जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच जारी है।
आत्महत्या
अगर आपके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं तो मदद जरूर लें
अगर आप या आपका कोई करीबी आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है तो तुरंत मदद के लिए संपर्क करें।आत्महत्या रोकथाम और परामर्श के लिए आसरा से संपर्क किया जा सकता है।
इसका हेल्पलाइन नंबर 022-27546669 है, जो 24 घंटे उपलब्ध है।
इसके अलावा रोशनी एनजीओ से +91-4066202000 और COOJ से +91-83222-52525 पर संपर्क करें।
24 घंटे काम करने वाली स्नेहा इंडिया फाउंडेशन की हेल्पलाइन +91-44246-40050 है। वहीं वंद्रेवाला फाउंडेशन से +91-99996-66555 (कॉल और व्हाट्सऐप) मदद ली जा सकती है।