वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर भेजने से भड़के मुरली कार्तिक, बोले- सही जगह नहीं हुआ इस्तेमाल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने सीरीज के दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 4 विकेट से हराया। क्राइस्टचर्च में खेले गए इस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी खेलने का मौका मिला, जिसे वह नहीं भुना सके। इस बीच भारत के पूर्व स्पिनर और वर्तमान कॉमेंटेटर मुरली कार्तिक का मानना है कि इस युवा खिलाड़ी का इस्तेमाल सही भूमिका में नहीं किया गया। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
प्रदर्शन
सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए सूर्यवंशी
सूर्यवंशी को सीरीज के पहले टी-20 में मौका नहीं मिला था। ईशान किशन के चोटिल होने के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था।
वह दूसरे टी-20 में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वह 8 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हुए।
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने पिछले कुछ समय में अच्छा प्रदर्शन किया है। यही कारण है कि सूर्यवंशी सलामी बल्लेबाज के तौर पर नहीं खेले।
बयान
सूर्यवंशी से करानी चाहिए ओपनिंग- मुरली कार्तिक
कार्तिक ने मैच के बाद कहा कि अगर सूर्यवंशी खेल रहे हैं तो उनसे ओपनिंग करानी चाहिए।
कार्तिक ने कहा, "सूर्यवंशी किस नंबर पर अच्छे हैं? वह एक ओपनर के तौर पर अच्छे हैं और उन्होंने अब तक मध्य क्रम में नहीं खेला है। वह अभी बहुत छोटे हैं और उन्होंने अब तक सिर्फ एक ही तरह से बल्लेबाजी की है। इसीलिए टीम में अनुभवी खिलाड़ियों को रखा जाता है, ताकि वे अलग-अलग भूमिकाएं निभा सकें।"
बयान
सैमसन के नंबर पर हो सकता था बदलाव- मुरली कार्तिक
कार्तिक के अनुसार, सैमसन एक स्थापित विकल्प हैं जो टीम की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढाल सकते हैं।
कार्तिक ने कहा, "संजू सैमसन एक भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। वह अलग-अलग नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। लोग पूछ सकते हैं कि सिर्फ उन्हीं को क्यों? अगर आप एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, तो आपको ऐसी भूमिकाएं निभानी ही होंगी, खासकर तब जब आपने सूर्यवंशी को टीम में शामिल किया है।"
बयान
मुरली कार्तिक ने दिया ये सुझाव
पूर्व स्पिनर कार्तिक ने यह भी कहा कि अगर टीम ने इस मैच के लिए सूर्यवंशी को नहीं चुना होता, तो भारत के पास कुछ अलग विकल्प होते।
ऐसे में मध्यक्रम में खेलने के लिए शिवम दुबे पर विचार किया जा सकता था।
उन्होंने आगे कहा, "अगर सूर्यवंशी नहीं खेल रहे होते, तो स्थिति कुछ और होती। ऐसी स्थिति में आपको मध्य क्रम में किसी से बल्लेबाजी करानी होती, तो शिवम दुबे खेल सकते थे।"