Page Loader
IPL 2020: SRH के खिलाफ मैदान पर क्यों संघर्ष कर रहे थे धोनी? बताया यह कारण

IPL 2020: SRH के खिलाफ मैदान पर क्यों संघर्ष कर रहे थे धोनी? बताया यह कारण

लेखन Neeraj Pandey
Oct 03, 2020
11:30 am

क्या है खबर?

बीती रात सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को सात रनों से हरा दिया। यह CSK की इस सीजन की लगातार तीसरी हार है और इस बार उनके कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी नाबाद रहे। बल्लेबाजी के दौरान धोनी अंतिम ओवर्स में संघर्ष कर रहे थे और उन्हें मैदान पर खांसते और तेजी से सांस लेते देखा गया था। अब धोनी ने अपनी उस हालत के बारे में बात की है।

मामला

19वें ओवर में संघर्ष करने लगे थे धोनी

19वें ओवर की पहली गेंद फेंकने के बाद भुवनेश्वर कुमार हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण ओवर पूरा नहीं कर सके। उनकी जगह गेंदबाजी करने आए खलील अहमद की दो गेंदों पर लगातार दो बार डबल लेने के बाद धोनी मुश्किल में दिखे। फिजियो मैदान में आए और उन्होंने धोनी का हाल जाना। पानी पीने और थोड़ी देर आराम करने के बाद धोनी दोबारा बल्लेबाजी करने लगे, लेकिन अंत तक वह संघर्ष कर रहे थे।

बयान

गला सूखने की वजह से आने लगी खांसी- धोनी

मैच के बाद धोनी ने कहा, "मैंने जितना संभव हो उतना समय लेने की कोशिश की। यहां काफी सूखापन है। आपका गला सूख जाता है और आप खांसने लगते हैं। जब आपके पास वैध संकेत हों तो आप थोड़ा समय ले सकते हैं।"

बल्लेबाजी

तेज शॉट लगाने के चक्कर में नहीं लगा पाया बड़े शॉट- धोनी

छठे ओवर में बल्लेबाजी करने आए धोनी 36 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने लंबे शॉट नहीं लगा पाने का कारण बताया। धोनी ने कहा, "मैं अधिकांश गेंदों को बल्ले के बीच नहीं ले पाया क्योंकि मैं काफी तेजी के साथ हिट करने की कोशिश कर रहा था। जब विकेट धीमा तो टाइमिंग के साथ खेलना सही विकल्प होता है। आउटफील्ड के कारण तेज शॉट लगाना हमारी मजबूरी थी।"

आंकड़े

धोनी के नाबाद रहते हुए छठी बार हारी उनकी टीम

लिमिटेड ओवर्स के बेस्ट फिनिशर्स में से एक माने जाने वाले धोनी के नाबाद रहते हुए IPL में उनकी टीम को केवल छठी बार हार का सामना करना पड़ा है। इस सीजन यह दूसरा वाकया है जब धोनी नाबाद रहे और उनकी टीम हार गई। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ धोनी ने नाबाद 29 रन बनाए थे और उनकी टीम हारी थी। पिछले सीजन RCB के खिलाफ नाबाद 84 रन धोनी के हार वाले मैच में सबसे बड़ा स्कोर है।