टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम द्वारा किए गए सबसे सफल रन चेज
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया है। यह उपलब्धि रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में हासिल हुई। इस मुकाबले में संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर 97* रन की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने 196 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल किया। ऐसे में आइए टी-20 विश्व कप में भारत के सबसे बड़े सफल रन चेज पर नजर डालते हैं।
#1
196 रन बनाम वेस्टइंडीज, 2026
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत द्वारा हासिल किया गया 196 रन का लक्ष्य इस सूची में शीर्ष पर है। मैच के नायक सैमसन रहे, जिन्होंने 97 रन की नाबाद पारी खेली। भारत के 2 शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद इस खिलाड़ी ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन की अहम साझेदारी की। बाद में तिलक वर्मा (27) और हार्दिक पंड्या (17) के योगदान से भारत ने 199/5 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
#2
173 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2014
इस मुकाबले से पहले टी-20 विश्व कप में भारत का सबसे बड़ा सफल रन चेज 173 रन का था। यह रिकॉर्ड 2014 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ मीरपुर में बना था। उस मैच में विराट कोहली ने नाबाद 72 रन (44 गेंद) की शानदार पारी खेलकर भारत को 6 विकेट से जीत दिलाई थी। 77/2 के दबाव में फंसी भारतीय टीम को कोहली ने अंतिम ओवर तक संभालते हुए जीत दिलाई थी।
#3
161 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2016
टी-20 विश्व कप 2016 में भारतीय टीम ने मोहाली में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 161 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इस मुकाबले में कोहली ने एक बार फिर मैच जिताऊ पारी खेली थी। 14 ओवर में भारत का स्कोर 94/4 का था इसके बाद कोहली ने जिम्मेदारी संभाली और महेंद्र सिंह धोनी के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। कोहली ने 51 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिससे भारत ने 5 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया।
#4
160 रन बनाम पाकिस्तान, 2022
टी-20 विश्व कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ मुकाबला 150+ रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करने का एक और यादगार उदाहरण रहा। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की टीम 31/4 रन पर संकट में थी। इसके बाद कोहली और हार्दिक ने 113 रन की साझेदारी कर मैच पलट दिया। कोहली ने 53 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाकर भारत को आखिरी गेंद पर ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।