LOADING...
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के, जानिए आंकड़े 
सौरव गांगुली इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के, जानिए आंकड़े 

Feb 15, 2025
05:55 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी से होने वाला है। अब तक 8 बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। पहली बार साल 1998 में यह टूर्नामेंट खेला गया था, जिसे दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने जीता था। आखिरी बार 2017 में इसका आयोजन किया गया था, जिसे पाकिस्तान ने अपने नाम किया था। ऐसे में आइए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

सौरव गांगुली 

इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली हैं। उन्होंने 1998 के चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2004 में यह टूर्नामेंट खेलते हुए नजर आए थे। इस खिलाड़ी ने 13 मैचों की 11 पारियों में 17 छक्के लगाए थे। उनके बल्ले से 73.88 की औसत से 665 रन निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141* रन रहा था। उन्होंने 3 शतक और 3 अर्धशतक जड़े थे।

#2

क्रिस गेल

दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला साल 2002 में खेला था। आखिरी बार वह इस टूर्नामेंट में 2013 में खेले थे। उन्होंने 17 मैच की 17 पारियों में 15 छक्के लगाए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 52.73 की उम्दा औसत के साथ 791 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 शतक और 1 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 133* रन रहा था।

#3

इयोन मोर्गन

इस सूची में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज इयोन मोर्गन हैं। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला साल 2009 में खेला था। आखिरी बार वह 2017 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 13 मैच की 13 पारियों में 14 छक्के लगाए थे। उनके बल्ले से 43.90 की औसत से 439 रन निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 87 रन रहा था। मोर्गन ने इस टूर्नामेंट में 4 अर्धशतक जड़े थे।

#4

शेन वॉटसन

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी शेन वॉटसन इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2002 की चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2013 में यह टूर्नामेंट खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 17 मैच की 15 पारियों में 12 छक्के लगाए थे। उनके बल्ले से 41.18 की औसत से 453 रन निकले थे। उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136* रन था।