Page Loader
IPL इतिहास में एक ओवर में 2 बार बने 37-37 रन, जानिए उन मुकाबलों की कहानी 
क्रिस गेल ने 36 रन जड़ दिए थे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में एक ओवर में 2 बार बने 37-37 रन, जानिए उन मुकाबलों की कहानी 

Mar 20, 2025
01:11 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का आगाज 22 मार्च से होगा। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पिछले साल की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच होगा। IPL 2024 में बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा था। 3 मुकाबलों में तो 270 से ज्यादा रन बने थे। इस बार भी कई धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में आइए IPL के उन मुकाबलों के बारे में जानते हैं जब 1 ओवर में 37 रन बन गए थे।

बल्लेबाज

कोच्चि के खिलाफ आया था गेल का तूफान

IPL 2011 का 50वां मुकाबला कोच्चि टस्कर्स केरल और RCB के बीच खेला गया था। कोच्चि ने 125/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB के लिए क्रिस गेल और तिलकरत्ने दिलशान सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे। पारी का तीसरा ओवर प्रशांत परमेश्वरन करने आए और इसी ओवर में 37 रन बने। गेल ने परमेश्वरन की पहली गेंद पर छक्का जड़ा, जो नो बॉल था। इसके बाद लगातार गेंदों पर 6, 4, 4, 6, 6, 4 के स्कोर बनाए।

जीत

RCB को मिली थी 9 विकेट से जीत 

RCB वह मुकाबला 41 गेंद रहते हुए 9 विकेट से जीत गई थी। गेल ने 16 गेंदों का सामना किया था और 44 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 275 की रही थी। उन्हें विनय कुमार ने आउट किया था। दिलशान ने उस मुकाबले में 31 गेंदों पर 52 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 167.74 की रही थी।

रन

हर्षल पटेल ने दिए थे 37 रन 

IPL 2021 के 19वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना RCB से हुआ था। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 191/4 का स्कोर बनाया था। CSK की पारी के आखिरी ओवर में रविंद्र जडेजा ने हर्षल पटेल की जमकर पिटाई की थी। उस ओवर में 37 रन बने थे। हर्षल ने ओवर की दूसरी गेंद नो बॉल डाली थी। जडेजा के बल्ले से 6, 6, 6, 6, 2, 6, 4 रन के स्कोर निकले थे।

जीत

CSK को मिली थी बड़ी जीत 

जडेजा ने 28 गेंदों का सामना किया था और 62 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उनके बल्ले से 4 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 221.42 की थी। हर्षल ने 51 रन खर्च किए थे। RCB की टीम 20 ओवर में सिर्फ 122/9 का स्कोर बना पाई थी। जडेजा ने गेंदबाजी से भी कमाल किया था और 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 3 विकेट लिए थे। CSK को 69 रनों से जीत मिली थी।