दलीप ट्रॉफी 2026 में सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख आंकड़े
क्या है खबर?
दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने जीता। एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए फाइनल में ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी के आधार पर बढ़त बनाई थी, जिसके कारण मैच के ड्रॉ होने के बाद उन्होंने खिताब जीता। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में ईस्ट जोन का तीसरा खिताब है। इस सीजन में सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
फाइनल
ऐसा रहा फाइनल मैच
दलीप ट्रॉफी फाइनल 2026 में ईस्ट जोन ने कप्तान किशन के दोहरे शतक (270) और कुमार कुशाग्र के शतक (101) की मदद से 708 रन का स्कोर बनाया।
जवाब में तिलक वर्मा के 99 रन की पारी के बावजूद साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई।
पहली पारी के आधार पर 372 रन से बढ़त बनाने वाली ईस्ट जोन ने दूसरी पारी 388/7 पर घोषित की और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
रन
इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
ईस्ट जोन की कप्तानी करने वाले किशन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 5 पारियों में 102.25 की औसत के साथ 409 रन बनाए।
साउथ जोन के कप्तान तिलक ने 3 पारियों में 266.00 की औसत से 266 रन अपने नाम किए।
ईस्ट जोन के कुमार कुशाग्र ने 44.80 की औसत के साथ 5 पारियों में 224 रन बनाए। उनके साथी खिलाड़ी सुदीप घरामी ने 193 रन अपने नाम किए।
विकेट
इन गेंदबाजों ने चटकाए सर्वाधिक विकेट
ईस्ट जोन के मुकेश कुमार और नॉर्थ जोन के आबिद मुश्ताक ने इस सीजन में सर्वाधिक विकेट लिए।
मुकेश ने 5 पारियों में 14.91 की औसत के साथ 12 विकेट लिए, जबकि आबिद ने 16.25 की औसत से 12 ही विकेट चटकाए।
ईस्ट जोन के तेज गेंदबाज अभिजीत सरकार ने 3 मैचों में 13.20 की औसत के साथ 10 विकेट चटकाए। उन्होंने एक पारी में 5 विकेट हॉल भी हासिल किया।
अन्य आंकड़े
दलीप ट्रॉफी 2026 के प्रमुख आंकड़े
दलीप ट्रॉफी 2026 ट्रॉफी में इकलौता दोहरा शतक किशन ने लगाया। उन्होंने इस सीजन में सर्वाधिक 11 छक्के भी लगाए। उन्होंने सबसे ज्यादा चौके (45) भी लगाए।
इस सीजन में कुल 6 बल्लेबाजों ने एक-एक शतक लगाए।
ईस्ट जोन के तेज गेंदबाज अभिजीत ने पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (5/20) किया।
उनके अलावा आबिद मुश्ताक, एमडी निधीश और अनुकूल रॉय ने एक-एक पारी में 5 विकेट हॉल लिए।