IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाकर इन खिलाड़ियों ने जिताया टीम को खिताब
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास में खिताब जीतने वाली टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन हमेशा चर्चा में रहता है। कई बार किसी एक बल्लेबाज ने लगातार बड़ी पारियां खेलकर रन बनाने के रिकॉर्ड कायम किए हैं। प्लेऑफ से लेकर फाइनल तक दबाव भरे मैचों में बनाए गए रन किसी भी खिलाड़ी की काबिलियत को और खास बना देते हैं। ऐसे में आइए उन बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने खिताब जीतने वाली टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए।
#1
डेविड वार्नर (848 रन)
सूची में पहले स्थान पर पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर हैं। उन्होंने IPL 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए 17 मैच की 17 पारियों में 60.57 की औसत से 848 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 151.42 की रही थी। उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93* रन था। SRH ने फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 8 रन से हराया था। वार्नर की कप्तानी में SRH ने ट्रॉफी अपने नाम की थी।
#2
विराट कोहली (675 रन)
विराट कोहली इस सूची में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। IPL 2026 में RCB के लिए खेलते हुए इस खिलाड़ी ने 16 मुकाबले खेले और इसकी 16 पारियों में 56.25 की औसत से 675 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 165.84 की रही। उनके बल्ले से एक शतक और 5 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105* रन रहा। वह 4 पारियों में नाबाद भी रहे। RCB ने फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर खिताब जीता।
#3
डेवोन कॉनवे (672 रन)
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के पूर्व बल्लेबाज डेवोन कॉनवे तीसरे नंबर पर हैं। IPL 2023 में इस खिलाड़ी ने CSK के लिए 16 मैचों की 15 पारियों में 51.69 की औसत और 139.70 की स्ट्राइक रेट से 672 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92* रन रहा था। कॉनवे ने उस सीजन 77 चौके और 18 छक्के लगाए थे। CSK फाइनल मैच में GT को हराकर चैंपियन बनी थी।
#4
रॉबिन उथप्पा (660 रन)
IPL 2014 के फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस सीजन पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा कमाल के फॉर्म में थे। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने 16 मैच की 16 पारियों में 44 की औसत से 660 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 137.78 की रही थी। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 83* रन रहा था।