चैंपियंस ट्रॉफी के एक संस्करण में इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सर्वाधिक रन
क्या है खबर?
आगामी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज 19 फरवरी से होने वाला है। पहला मुकाबला पाकिस्तान क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 19 फरवरी को कराची में खेला जाएगा।
अब तक 8 बार चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया गया है। पहली बार साल 1998 में यह टूर्नामेंट खेला गया था, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने जीता था।
ऐसे में आइए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
क्रिस गेल (474 रन)
सूची में पहले स्थान वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। उन्होंने साल 2006 की चैंपियंस ट्रॉफी में 8 मुकाबले खेले थे। इसकी 8 पारियों में 79 की औसत के साथ 474 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 3 शतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 133 रन था। गेल के बल्ले से 62 चौके और 10 छक्के भी निकले थे।
उस टूर्नामेंट को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया था। वेस्टइंडीज फाइनल में हार गई थी।
#2
शिखर धवन (363 रन)
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने साल 2013 में इस टूर्नामेंट के दौरान 5 मुकाबले खेले थे। इसकी 5 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 90.75 की उम्दा औसत के साथ 363 रन बनाने में सफल रहे थे।
उनके बल्ले से 2 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 114 रन रहा था। भारत ने इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
#3
सौरव गांगुली (348 रन)
भारतीय टीम के एक और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने साल 2000 में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी में 4 मैच खेले थे। इसकी 4 पारियों में 116 की धमाकेदार औसत के साथ 348 रन बनाने में सफल रहे थे।
उनके बल्ले से 2 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141* रन रहा था। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को उस टूर्नामेंट में जीत मिली थी।
#4
शिखर धवन (338 रन)
इस टूर्नामेंट में जब-जब धवन को खेलने का मौका मिला तब उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया। इस सूची में चौथे स्थान पर भी उन्हीं का नाम है।
उन्होंने साल 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में 5 मुकाबले खेले थे और 67.60 की औसत से 338 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 125 रन रहा था। 2017 में भारतीय टीम फाइनल में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ हार गई थी।