वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलना हमेशा किसी भी कप्तान के लिए बड़ी चुनौती रही है। भारतीय टीम ने अपने घरेलू और विदेशी मैदानों पर सभी की कड़ी परीक्षा ली है। इसके बावजूद कुछ कप्तान ऐसे रहे, जिन्होंने भारत के खिलाफ अपनी टीम की लंबे समय तक अगुआई की और इस जिम्मेदारी को निभाया। ऐसे में आइए उन कप्तानों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी की है।
#1
अर्जुन राणातुंगा (43 वनडे)
पहले स्थान पर श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कप्तान अर्जुन राणातुंगा का नाम है। उन्होंने 1988 से 1999 के बीच भारत के खिलाफ 43 वनडे मैचों में श्रीलंका की कप्तानी की थी।
इस दौरान उनकी टीम ने 19 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 21 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, 3 मुकाबले बेनतीजा रहे।
बल्लेबाज के तौर पर भी राणातुंगा का भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा। उन्होंने 56 वनडे मैचों की 51 पारियों में 1,455 रन बनाए।
#2
रिकी पोंटिग (35 वनडे)
दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। उन्होंने 2003 से 2012 के बीच भारत के खिलाफ 35 वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की।
इस दौरान उनकी टीम ने 21 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 10 मैचों में हार का सामना किया। वहीं, 4 मुकाबले बेनतीजा रहे।
बल्लेबाज के तौर पर भी पोंटिंग का भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा। उन्होंने 59 वनडे मैचों की 59 पारियों में 40.07 की औसत से 2,167 रन बनाए।
#3
महेला जयवर्धने (31 मैच)
श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ वनडे प्रारूप में पहली बार साल 2006 में कप्तानी की थी। आखिरी बार वह 2012 में कप्तान के तौर पर नजर आए थे।
31 मैचों में कप्तान रहे जयवर्धने को केवल 9 मैचों में जीत मिली थी। वहीं, 18 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
भारत के खिलाफ 3 मैचों में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।
#4
स्टीफन फ्लेमिंग (28 मैच)
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी रहे स्टीफन फ्लेमिंग इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
भारत के खिलाफ उन्होंने 1997 से 2005 तक 28 मैचों में कप्तानी की थी। इस दौरान कीवी टीम को 15 मैच में जीत मिली थी। 10 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
3 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।
बतौर बल्लेबाज उन्होंने भारत के खिलाफ 40 मैचों की 38 पारियों में 32.29 की औसत से 1,098 रन बनाए थे।