Loading...
श्रीलंका बनाम भारत: टेस्ट डेब्यू पर केशरा नुंवाथा ने दिए 175 रन, बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड
श्रीलंका के लिए टेस्ट डेब्यू पर चौथा सबसे महंगा स्पेल

श्रीलंका बनाम भारत: टेस्ट डेब्यू पर केशरा नुंवाथा ने दिए 175 रन, बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड

लेखन Manoj Panchal
Aug 17, 2026
12:12 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के नए स्पिन गेंदबाज केशरा नुंवाथा ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ गॉल टेस्ट से अपने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर की शुरुआत की। अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 3/175 के आंकड़े दर्ज किए। 39 ओवर गेंदबाजी करने वाले नुंवाथा श्रीलंका के लिए टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में चौथा सबसे महंगा स्पेल डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित भी किया और 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए।

आंकड़े

ऐसा रहा नुंवाथा का प्रदर्शन 

नुंवाथा का मैच में पहला शिकार ऋषभ पंत बने, जिन्होंने 62 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने केएल राहुल को भी अपना शिकार बनाया, जो शतक से महज 18 रन दूर रह गए। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (13 रन) नुंवाथा के तीसरे शिकार रहे।

नुंवाथा से पहले, श्रीलंका के सूरज रणदीव ने डेब्यू टेस्ट में 2010 में 2/222, थारिंदु रत्नायके ने 2025 में 3/196 और उपुल चंदाना ने 1999 में 6/179 के आंकड़े दर्ज किए थे।

करियर

कैसे हैं नुंवाथा के आंकड़े?

नुंवाथा ने अब तक 16 फर्स्ट-क्लास मैचों में 67 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 22 से ज्यादा रही है।

क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने 25 पारियों में 5 बार 5-5 विकेट लेने का कारनामा किया है। इसमें एक मैच में 10 विकेट लेने का प्रदर्शन भी शामिल है।

जुलाई में श्रीलंका-A और इंडिया-A के बीच खेले गए अनऑफिशियल टेस्ट के दौरान नुंवाथा ने 5 विकेट लेकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था।

ADVERTISEMENT