
केएल राहुल विश्व कप में सर्वाधिक शिकार करने वाले भारतीय विकेटकीपर बने, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर केएल राहुल ने एक कीर्तिमान अपने नाम किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 240 रन बनाए। 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कंगारू टीम को 41 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा।
जसप्रीत बुमराह ने मिचेल मार्श को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। इसके साथ राहुल विश्व कप में विकेट के पीछे सर्वाधिक शिकार करने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए।
आंकड़े
राहुल द्रविड का रिकॉर्ड तोड़ा
राहुल ने इस विश्व कप में अब तक विकेट के पीछे 17 शिकार किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
द्रविड़ ने 2003 विश्व कप में 16 शिकार किए थे। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने 2015 विश्व कप में 15 शिकार किए थे।
प्रदर्शन की बात करें तो राहुल ने 107 गेंदों पर 61.68 की स्ट्राइक रेट से 66 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 1 चौका लगाया।
प्रदर्शन
इस विश्व कप में कैसा रहा राहुल का प्रदर्शन?
राहुल ने इस विश्व कप में अब तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। वह अपनी टीम की ओर से चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।
वह अब तक 11 मैचों में 88.60 की औसत और 91.15 की स्ट्राइक रेट से 443 रन बनाए हैं।
इस विश्व कप में उन्होंने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 102 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीग मुकाबले में 97* रन बनाए थे।