मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने पर उठे सवाल, भारतीय बल्लेबाजी कोच ने दिया जवाब
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने उपलब्ध विकल्पों में से सर्वश्रेष्ठ संयोजन चुना है। गुरुवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में भारतीय गेंदबाजों के पहले दिन के आखिरी सत्रों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठने लगे थे।
प्रदर्शन
पहले दिन ऐसा रहा भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह ने भारतीय गेंदबाजी की अगुआई करते हुए असर छोड़ा, लेकिन बाकी गेंदबाज प्रभाव नहीं डाल सके।
न्यूजीलैंड ने 70/5 से वापसी करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक 243/5 रन बना लिए।
हेनरी निकोल्स 113 और ग्लेन फिलिप्स 94 रन बनाकर नाबाद रहे।
दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 173 रन की अटूट साझेदारी हुई। सिराज की जगह खेले अंशुल कंबोज ने 57 रन देकर एक विकेट लिया। प्रसिद्ध कृष्णा भी कुछ खास नहीं कर पाए।
बयान
भारतीय बल्लेबाजी कोच ने क्या कहा?
भारतीय बल्लेबाजी कोच ने पहले दिन के खेल के बाद कहा, "जब टीम का चयन किया जाता है तो हम सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन को ध्यान में रखते हैं और उसी के अनुसार टीम उतारी जाती है। सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है। टीम प्रबंधन ने उपलब्ध विकल्पों में से सर्वश्रेष्ठ संयोजन चुना और उसे मैदान पर उतारा। श्रीलंका में परिस्थितियां अलग थीं। सिराज को बाहर रखने का फैसला गलत नहीं था।"
मौजूदा
अभी के गेंदबाजी आक्रमण को लेकर ये बोले कोटक
कोटक ने मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण को लेकर कहा, "हमारे पास 2 ऐसे गेंदबाज हैं जो गेंद को अच्छी तरह स्विंग करा सकते हैं और 2 गेंदबाज सीम के साथ गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। इन सभी के पास अच्छी गति भी है। प्लेइंग इलेवन चुनते समय सभी दिनों की परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाता है। वाशिंगटन सुंदर को इसलिए चुना गया, क्योंकि न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन में 4 बाएं हाथ के बल्लेबाज थे।"
बचाव
कोटक ने किया तेज गेंदबाज प्रसिद्ध का बचाव
कोटक ने महंगे साबित हुए स्पेल के बावजूद तेज गेंदबाज प्रसिद्ध का बचाव किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक का यह तेज गेंदबाज आक्रामक अंदाज में गेंदबाजी करता है और विकेट की तलाश में रन भी खर्च कर सकता है।
कोटक ने आगे कहा, "प्रसिद्ध आक्रामक गेंदबाज हैं और उनसे रन भी बन सकते हैं। जब वह विकेट लेते हैं तो लोगों को अच्छा लगता है, लेकिन जब रन खर्च करते हैं तो उन्हें यह पसंद नहीं आता।"