Page Loader
वनडे क्रिकेट: मोहम्मद सिराज का साल 2023 में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
मोहम्मद सिराज का प्रदर्शन साल 2023 में कमाल का रहा है (तस्वीर: एक्स/ @BCCI)

वनडे क्रिकेट: मोहम्मद सिराज का साल 2023 में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Dec 27, 2023
08:18 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का प्रदर्शन साल 2023 में कमाल का रहा है। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में इस खिलाड़ी ने अपनी गेंदबाजी से क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया है। खासकर वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी की गेंदों ने तो आग उगला है। वह वनडे में कुलदीप यादव के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

विकेट

साल 2023 में कैसा रहा सिराज का प्रदर्शन?

सिराज ने साल 2023 में 25 वनडे खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 20.68 की उम्दा औसत के साथ 44 विकेट झटके हैं। उन्होंने इस साल 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। सिराज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/21 विकेट का रहा है। सिराज का यह प्रदर्शन श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में आया था। उन्होंने इस साल सिर्फ 5.28 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है।

वनडे

इस साल ये बड़ा रिकॉर्ड किया सिराज ने अपने नाम 

एशिया कप 2023 के फाइनल में सिराज ने 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। सिराज एशिया कप क्रिकेट में संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले दूसरे और 6 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए थे। उनसे पहले अजंता मेंडिस ने 2008 में भारत के खिलाफ कराची में 13 रन देकर 6 विकेट झटके थे। सिराज के शानदार प्रदर्शन के दम पर ही भारत ने एशिया कप अपने नाम किया था।

तीन

साल 2023 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-5 में 3 भारतीय 

साल 2023 में भारतीय गेंदबाजों का वनडे क्रिकेट में गजब का दबदबा रहा है। इस साल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष 5 गेंदबाजों में 3 भारतीय टीम के खिलाड़ी हैं। पहले स्थान पर कुलदीप (49), दूसरे स्थान पर सिराज (44) और तीसरे स्थान पर मोहम्मद शमी (43) हैं। इसके बाद चौथे स्थान पर नेपाल क्रिकेट टीम के संदीप लामिछाने (43) और पांचवें स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के शाहीन अफरीदी (42) हैं।

करियर

कैसा रहा है सिराज का वनडे करियर?

सिराज ने वनडे क्रिकेट में अपना पहला मैच साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने वनडे में अब तक 41 मैच खेले हैं और इसकी 40 पारियों में 22.79 की औसत से 68 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी रेट 5.09 की रही है। उन्होंने अपने वनडे करियर में 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/21 का रहा है।