टेस्ट क्रिकेट में मोहम्मद शमी द्वारा किए गए यादगार प्रदर्शन
क्या है खबर?
मोहम्मद शमी का करियर एक बेहतरीन तेज गेंदबाज की खूबियों को दर्शाता है। उन्होंने अपनी रफ्तार, सीम मूवमेंट और सटीक गेंदबाजी से भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई। 6 नवंबर को शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। वह भारत के लिए इस प्रारूप में छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। अपने टेस्ट करियर में शमी ने कई यादगार प्रदर्शन किए। आइए, उनके ऐसे ही शानदार प्रदर्शनों पर नजर डालते हैं।
#1
6/56 बनाम ऑस्ट्रेलिया
भारत के 2018-19 ऑस्ट्रेलिया दौरे के दूसरे टेस्ट मुकाबले में शमी ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया था।
पर्थ स्टेडियम में खेले गए इस मैच की तीसरी पारी में उन्होंने 24 ओवर में 56 रन देकर 6 विकेट झटके।
शमी की घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम बिखर गया और पूरी टीम 243 रन पर सिमट गई।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 146 रन से जीता था, लेकिन शमी का प्रदर्शन खास रहा।
#2
5/28 बनाम दक्षिण अफ्रीका
जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भारत की जीत विदेशी सरजमीं पर उसकी यादगार सफलताओं में शामिल है।
241 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए शमी ने शानदार गेंदबाजी की थी।
एक समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 124/1 था, लेकिन शमी ने 12.3 ओवर में 28 रन देकर 5 विकेट झटके।
इस गेंदबाजी से मेजबान टीम का बल्लेबाजी क्रम बिखर गया और पूरी टीम 177 रन पर सिमट गई। भारत को 63 रन से जीत मिली।
#3
5/47 बनाम वेस्टइंडीज
शमी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में टेस्ट डेब्यू करते हुए शानदार प्रदर्शन से अपनी छाप छोड़ी थी।
पहली पारी में उन्होंने 71 रन देकर 4 विकेट लिए और वेस्टइंडीज को 234 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
भारत ने पहली पारी में 453 रन बनाए। इसके बाद शमी ने दूसरी पारी में 13.1 ओवर में 47 रन देकर 5 विकेट झटके।
उन्होंने कुल 9 विकेट लिए। भारत ने यह मुकाबला पारी और 51 रन से जीता था।
#4
5/35 बनाम दक्षिण अफ्रीका
विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शमी ने अपनी रफ्तार और रिवर्स स्विंग से कहर बरपाया था।
आखिरी दिन भारत ने मेहमान टीम को 395 रन का लक्ष्य दिया था। पिच पर स्पिन गेंदबाजों के हावी रहने की उम्मीद थी, लेकिन शमी छा गए। उन्होंने दूसरी पारी में 35 रन देकर 5 विकेट लिए और दक्षिण अफ्रीका को 191 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
भारत ने यह मैच 203 रन से जीता था।