Loading...
मोहम्मद शमी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात, राजनीति में आने की चर्चाएं तेज
मोहम्मद शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की है

मोहम्मद शमी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात, राजनीति में आने की चर्चाएं तेज

Nov 29, 2026
04:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ ही हफ्तों बाद हुई इस मुलाकात ने शमी के राजनीति में कदम रखने की अटकलों को तेज कर दिया है। उनकी नबीन से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि, उनकी इस मुलाकात के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

मुलाकात

मुलाकात में कौन-कौन था मौजूद?

इस बैठक के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद थे। हालांकि, इस मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसका विवरण अभी सामने नहीं आया है।

बता दें कि शमी की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब एक हफ्ते पहले ही भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी भाजपा में शामिल हुए हैं।

पार्टी ने चहल को अपनी OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया है।

चर्चा

पहले भी राजनीतिक मुलाकातों से सुर्खियों में रहे हैं शमी

यह पहली बार नहीं है जब किसी राजनेता के साथ शमी की मुलाकात ने ध्यान खींचा हो।

इससे पहले सितंबर में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी के साथ उनकी मुलाकात ने भी सियासी अटकलों को जन्म दिया था।

हालांकि, तब RLD ने स्पष्ट किया था कि शमी अमरोहा में खेल सुविधाओं के लिए बजट आवंटित करने पर चौधरी को धन्यवाद देने गए थे।

ADVERTISEMENT

करियर

कैसा रहा है शमी का क्रिकेट करियर?

36 वर्षीय शमी ने इसी महीने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।

उन्होंने अपने करियर में 64 टेस्ट मैच खेलकर 229 विकेट लिए। उनका आखिरी टेस्ट मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल था।

टेस्ट से संन्यास लेते समय शमी ने कहा था कि वे सीमित ओवर क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।

उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

ADVERTISEMENT