मोहम्मद यूसुफ ने पाकिस्तानी टीम के कोचों को खेल के लिए बताया जहर, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लीड्स और लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की करारी हार और लगातार विफल होती बल्लेबाजी ने पूर्व दिग्गजों को विरोध में खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़े कोचों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कोचों पर कप्तान बाबर आजम और अन्य खिलाड़ियों की बल्लेबाजी की तकनीकी खामियों को दूर करने में विफल होने का आरोप लगाया और उन्हें खेले के लिए 'जहर' बताया है।
बयान
ये कोच खेल के लिए जहर हैं - यूसुफ
जुलाई 2025 पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच पद से इस्तीफा देने वाले यूसुफ ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकालते हुए कोचों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, "ये कोच खेल के लिए जहर हैं। इनमें दूरदर्शिता की कमी है, ये प्रगति को रोकते हैं और सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुमराह करते हैं। अगर हमारे क्रिकेटरों ने यह नहीं सीखा कि उन्हें किसकी बात सुननी चाहिए, तो उनका करियर बहुत पहले ही खत्म हो जाएगा।"
चेतावनी
मैंने वर्षों पहले ही दे दी थी चेतावनी - यूसुफ
यूसुफ ने कहा, "मैंने कई साल पहले ही पाकिस्तान के खिलाड़ियों की बल्लेबाजी तकनीक में मौजूद कमजोरियों को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन बाबर और टीम के अन्य सदस्यों को घेरे रखने वाले कुछ खास कोचों ने मुझे उन कमियों पर काम करने से रोक दिया।"
उन्होंने कहा, "जिस खराबी को सालों पहले सुधारा जा सकता था, वह आज एक बड़ी और स्पष्ट कमजोरी बन चुकी है, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट को संघर्ष करने के लिए छोड़ दिया है।"
खुलासा
पाकिस्तान क्रिकेट में चरम पर हैं अंदरूनी कलह और गुटबाजी
इंग्लैंड दौरे पर लगातार मिल रही शर्मनाक हार ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों के बीच की आपसी दरार को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
यूसुफ के अनुसार, बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज से लेकर इंग्लैंड दौरे तक, पाकिस्तानी बल्लेबाजों की खराब तकनीक की पूरी दुनिया के सामने बेरहमी से पोल खुल चुकी है।
टीम के लचर प्रदर्शन के बीच पूर्व खिलाड़ी मुख्यधारा के मीडिया और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं।