Loading...
मोहम्मद रिजवान से लेकर इमाम-उल-हक तक, इन पाकिस्तानी खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय करियर होगा खत्म 
मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान की टीम से बाहर चल रहे हैं (फाइल तस्वीर)

मोहम्मद रिजवान से लेकर इमाम-उल-हक तक, इन पाकिस्तानी खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय करियर होगा खत्म 

Nov 25, 2026
02:10 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच माइक हेसन ने संकेत दिए हैं कि टीम के कई अनुभवी खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय करियर अब समाप्ति की ओर बढ़ सकता है। इस सूची में पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान, शान मसूद, सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक और स्पिनर नोमान अली शामिल हैं। हेसन की यह योजना सभी प्रारूपों में राष्ट्रीय टीम का नए सिरे से पुनर्निर्माण करने की रणनीति का हिस्सा है। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

बाहर

केंद्रीय अनुबंध से बाहर हुए ये खिलाड़ी 

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के केंद्रीय अनुबंधों से रिजवान, शान, इमाम और नोमान को बाहर किए जाने के बाद हेसन की योजनाओं में बड़े बदलाव को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

युवा बल्लेबाज सैम अयूब, तेज गेंदबाज मोहम्मद अली और खुर्रम शहजाद के साथ ऑलराउंडर आमिर जमाल को भी अनुबंध नहीं मिला है।

हालांकि, मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद का कहना है कि केंद्रीय अनुबंध टीम में चयन का आधार नहीं हैं, लेकिन सूत्र कुछ और संकेत दे रहे हैं।

बयान

अनुभवी खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्ति की ओर 

PCB के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि हेसन ने बोर्ड अध्यक्ष मोहसिन नकवी के सामने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

सूत्र ने कहा, "रिजवान, शान, नोमान, इमाम और अन्य खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्ति की ओर है।"

उन्होंने आगे बताया कि घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन भी हेसन का फैसला बदलने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकता।

कोच कुछ खिलाड़ियों के रवैये और टीम की रणनीति का पालन करने की उनकी इच्छा को लेकर भी चिंतित हैं।

ADVERTISEMENT

वापसी

अयूब को दी गई है ये सलाह

अयूब को लेकर PCB ने कहा था कि युवा बल्लेबाज ने क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है, लेकिन सूत्र के मुताबिक, हेसन ने उन्हें वापसी के लिए अपनी तकनीक और कौशल पर कड़ी मेहनत करने को कहा है।

अन्य खिलाड़ियों को भी अपने रवैये पर दोबारा विचार करने की सलाह दी गई है।

कोचिंग स्टाफ के निर्देशों का पालन करने और मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर उनसे अपेक्षाएं रखी गई हैं।

ADVERTISEMENT

हिस्सा

बाबर आजम टीम का हिस्सा बने रहेंगे 

हाल के दिनों में बल्ले से संघर्ष करने के बावजूद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम अब भी हेसन की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं।

PCB के एक सूत्र ने कहा, "हेसन का मानना है कि बाबर जैसे बेहतरीन बल्लेबाज जल्द या देर से अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में जरूर लौटेंगे।"

सूत्र ने आगे बताया कि बाबर अगले साल होने वाले मुकाबलों और विश्व कप सहित प्रमुख वनडे टूर्नामेंटों के लिए टीम की योजनाओं का अभिन्न हिस्सा हैं।

ADVERTISEMENT