टी-20 विश्व कप मैच में 4 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने मोहम्मद नबी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में कनाडा क्रिकेट टीम को 82 रन से करारी शिकस्त दी। एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कनाडा की टीम 118/8 का स्कोर ही बना सकी। अफगानिस्तान की इस जीत में मोहम्मद नबी की अहम भूमिका रही। आइए उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
मोहम्मद नबी ने चटकाए 4 विकेट
कनाडा की पारी के छठे ओवर के दौरान गेंदबाजी के लिए आए नबी ने अपने पहले ही ओवर में युवराज सामरा (17) का विकेट चटकाया। इस ऑफ स्पिनर ने अपने दूसरे ओवर में निकोलस किर्टन (10) का शिकार किया। उन्होंने हर्ष ठाकर (30) और दिलोन हेइलिगर (3) को भी अपनी स्पिन के जाल में फंसाया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 1.80 की इकॉनमी रेट के साथ 7 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।
जानकारी
टी-20 विश्व कप में 4 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने नबी
क्रिकइंफो के मुताबिक, 41 साल और 49 दिन की उम्र में नबी विश्व कप (टी-20 या वनडे) में 4 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने हैं। यह उनका टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती अफगानिस्तान की टीम
रहमानुल्लाह गुरबाज (30) और इब्राहिम जादरान ने मिलकर पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। सलामी बल्लेबाज जादरान (95*) ने एक छोर से निरंतर रन बनाए। उन्हें दूसरे छोर से सेदिकुल्लाह अटल (44) का अच्छा साथ मिला और अफगान टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में कनाडा ने 48 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी टीम ने निरंतर विकेट गंवाए और पूरी टीम 118/8 का स्कोर बना सकी।
आंकड़े
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में नबी का प्रदर्शन
नबी ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2010 में खेला था। उन्होंने अब तक 152 मुकाबले खेले है, जिसमें 22.25 की औसत से 2,448 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 27.77 की औसत से 109 विकेट लिए हैं। उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/7 का रहा है।