मिचेल स्टार्क ने आलोचकों पर साधा निशाना, कहा- गलत तथ्यों के आधार पर दिए बयान
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरुआती चरण में अपनी अनुपस्थिति को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया है। स्टार्क अभी भारत नहीं पहुंचे हैं और वह दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कुछ शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे। इससे विदेशी खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता पर सवाल उठने लगे हैं, जिनमें सुनील गावस्कर भी शामिल हैं। हालांकि, स्टार्क ने स्पष्ट किया कि वह कोहनी की चोट से उबर रहे हैं।
पुष्टि
एलिसा हीली ने की स्टार्क की चोट की पुष्टि
स्टार्क की अनुपस्थिति ने प्रशंसकों के बीच बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है और कई लोग टूर्नामेंट के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठा रहे हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एलिसा हीली और स्टार्क की पत्नी ने पुष्टि की है कि तेज गेंदबाज चोट से उबर रहे हैं। उन्होंने यह खुलासा अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक टिप्पणी में किया, जब एक प्रशंसक ने IPL 2026 में उनके पति की अनुपलब्धता पर चिंता व्यक्त की थी।
कारण
स्टार्क ने IPL में देरी से पहुंचने का कारण बताया
स्टार्क ने IPL में अपनी अनुपस्थिति को लेकर बढ़ती आलोचनाओं का जवाब देते हुए देरी के लिए चोट संबंधी चिंताओं को स्पष्ट किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'भारतीय मीडिया में अपने मंचों का इस्तेमाल करने वाले कुछ व्यक्तियों की राय और विचारों के बावजूद मैं फिलहाल अपने कंधे और कोहनी की चोट से उबर रहा हूं और उसका इलाज करा रहा हूं। इस चोट की गंभीरता का मुझे ऑस्ट्रेलियाई गर्मियों के दौरान पता नहीं था।'
निशाना
स्टार्क ने आलोचकों पर साधा निशाना
स्टार्क ने IPL में अपनी अनुपस्थिति को लेकर हो रही आलोचनाओं का भी जोरदार जवाब दिया और मीडिया में फैलाई जा रही भ्रामक खबरों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने लिखा, 'इन लोगों ने IPL में मेरी भागीदारी को लेकर कुछ कड़े बयान दिए हैं और खिलाड़ियों के बारे में बेहद गलत राय पेश की है। वे गलत तथ्यों के आधार पर बयान दे रहे हैं और ऐसा दिखा रहे हैं जैसे उन्हें मेरे शरीर की मुझसे ज्यादा समझ हो।'
माफी
स्टार्क ने DC और प्रशंसकों से मांगी माफी
स्टार्क ने अपनी चोट और टूर्नामेंट से अनुपस्थिति के समय के कारण हुई असुविधा को स्वीकार किया। उन्होंने DC और प्रशंसकों से इस संस्करण के शुरुआती दौर में उपलब्ध न होने के लिए माफी मांगी है। उन्होंने लिखा, 'मैं मानता हूं कि इस चोट और इसके समय के कारण दिल्ली टीम को काफी परेशानी हुई है और मैं इसके लिए और प्रशंसकों से इस संस्करण के शुरुआती दौर में उपलब्ध न होने के लिए माफी मांगता हूं।'