मिचेल स्टार्क बने दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज, खत्म की जसप्रीत बुमराह की बादशाहत
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा जारी ताजा पुरुष टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ा उलटफेर हो गया है। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क दुनिया के नए नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। इसके साथ ही भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की शीर्ष स्थान पर लंबे समय से चली आ रही बादशाहत खत्म हो गई है। स्टार्क ने अपने 15 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार टेस्ट रैंकिंग का यह शीर्ष मुकाम हासिल किया है।
फायदा
स्टार्क को हुआ 2 स्थानों का फायदा
स्टार्क के अब 872 रेटिंग अंक हो गए हैं। उन्हें रैंकिंग में 2 स्थानों का फायदा हुआ है।
बता दें कि स्टार्क को मैके में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में की गई शानदार गेंदबाजी का इनाम मिला है।
उन्होंने मुकाबले में धारदार गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 10 विकेट चटकाए थे।
36 वर्षीय स्टार्क कई सालों से टॉप-10 में शामिल रहने के बावजूद कभी नंबर-1 स्थान हासिल नहीं कर पाए थे।
नुकसान
बुमराह को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज छोड़ने का हुआ नुकसान
बुमराह 862 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने फरवरी 2024 में नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज का दर्जा हासिल किया था।
वह श्रीलंका के खिलाफ जारी मौजूदा सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी तीसरे स्थान पर हैं।
वहीं, मैके टेस्ट में 6 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
इसके अलावा ऑफ स्पिनर नाथन लियोन भी 2 पायदान चढ़कर 10वें स्थान पर वापस आ गए हैं।
जानकारी
इंग्लैंड के गेंदबाजों को भी हुआ बड़ा फायदा
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन 15 स्थान चढ़कर 726 रेटिंग अंकों के साथ 11वें और जोश टंग 16 स्थान चढ़कर 698 रेटिंग अंकों के साथ 17वें नंबर पर आ गए हैं।
बल्लेबाजी
बल्लेबाजी रैंकिंग में ऋषभ पंत को हुआ फायदा
बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष स्थानों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शीर्ष-10 में जोरदार वापसी की है।
श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 2 अर्धशतकीय पारियों के दम पर वह 711 रेटिंग अंकों के साथ 7वें पायदान पर आ गए हैं।
वह भारतीय कप्तान शुभमन गिल के साथ यह स्थान साझा कर रहे हैं।
इंग्लैंड के हैरी ब्रुक नंबर-1 पर बने हुए हैं। जो रूट दूसरे और स्टीव स्मिथ तीसरे स्थान पर बरकरार हैं।
नुकसान
यशस्वी जायसवाल शीर्ष-10 से हुए बाहर
श्रीलंका के खिलाफ बड़ी पारी खेलने में असफल रहे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 2 स्थानों की गिरावट के साथ शीर्ष-10 से बाहर हो गए हैं।
वह अब 701 रेटिंग अंकों के साथ 11वें नंबर पर आ गए हैं।
इसी तरह श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस भी 6 स्थानों की गिरावट के बाद 699 रेटिंग अंकों के साथ 12वें स्थान पर खिसक गए हैं।
दिनेश चांदीमल भी 2 स्थानों की गिरावट के बाद 696 रेटिंग अंकों के साथ 13वें स्थान पर हैं।