Page Loader
MI बनाम KKR: वेंकटेश अय्यर ने जड़ा इस संस्करण का दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
वेंकटेश अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जड़ा चौथा अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

MI बनाम KKR: वेंकटेश अय्यर ने जड़ा इस संस्करण का दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े

May 03, 2024
09:28 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 51वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (70) जड़ा। यह उनके IPL करियर का 9वां और मौजूदा संस्करण का दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 36 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही KKR की टीम शुरुआती झटकों से उबरकर 169 रन का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही वेंकटेश की पारी और साझेदारी?

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी KKR को 57 रन के कुल स्कोर पर 5 अहम झटके लग गए थे। 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे वेंकटेश ने मनीष पांड़े (42) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और 36 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पाड़े के साथ छठे विकेट के लिए 83 रन की अहम साझेदारी निभाई। वह अपनी पारी में 52 गेंदों में 6चौके और 3 छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए।

प्रदर्शन

MI के खिलाफ IPL में दमदार रहा है वेंकटेश का प्रदर्शन

वेंकटेश का IPL में MI के खिलाफ प्रदर्शन दमदार रहा है। यह उनका इस टीम के खिलाफ 5वां मैच है, जिनमे वह 85 से अधिक की औसत और 170 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 320 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने MI के खिलाफ 2021 में 53 रन, 2022 की 2 पारियों में 50* और 43 रन, 2023 में 104 और इस मैच में 70 रन की पारी खेली है।

जानकारी

वेंकटेश ने IPL में पूरे किए 50 छक्के

मैच में अपनी पारी का पहला छक्का लगाते ही वेंकटेश के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई। उनके IPL में 50 छक्के पूरे हो गए हैं। वह इस लीग में अब तक कुल 52 छक्के जड़ चुके हैं।

करियर

कैसा रहा है वेंकटेश का IPL करियर?

वेंकटेश ने अपने IPL करियर अब तक 46 मैच खेलकर 28.78 की औसत और 132.44 की स्ट्राइक रेट से 1,180 रन बना लिए हैं। वह 104 के उच्चतम स्कोर के साथ 9 अर्धशतक और 1 शतक भी जमा चुके हैं। उन्होंने 106 चौके और 52 छक्के भी जड़े हैं। उन्होंने गेंदबाजी में भी 3 विकेट ले रखे हैं। वह भारत की ओर से 2 वनडे मैच में 24 और 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 133 रन भी बना चुके हैं।