मयंक अग्रवाल काउंटी चैंपियनशिप में डरहम से किया करार, खेलेंगे आखिरी 4 मैच
क्या है खबर?
अनुभवी भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल इंग्लैंड के घरेलू सत्र में अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन के अंतिम 4 मैचों के लिए डरहम काउंटी क्लब के साथ करार किया है। डरहम के स्टार खिलाड़ी डेविड बेडिंगघम के दक्षिण अफ्रीका वापस लौटने के बाद मयंक के आने से टीम की बल्लेबाजी को मजबूती मिलेगी। डरहम के मुख्य कोच रायन कैंपबेल ने मयंक के आने पर खुशी जताई है।
बयान
कैंपबेल ने क्या दिया बयान?
मुख्य कोच कैंपबेल ने कहा, "मयंक एक बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं जिनका प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड शानदार है। हम सीजन के शेष हिस्से के लिए उन्हें अपने साथ पाकर बेहद खुश हैं और उनके योगदान की उम्मीद कर रहे हैं।"
मयंक का यह दूसरा काउंटी सत्र है। इससे पहले वह यॉर्कशायर के लिए 3 मैच खेल चुके हैं, जिसमें दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने इसी डरहम टीम के खिलाफ 175 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी।
करियर
कैसा रहा है मयंक का प्रथम श्रेणी करियर?
मयंक भले ही भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका बल्ला लगातार रन उगल रहा है।
उन्होंने अपने करियर में 124 प्रथम श्रेणी मैचों में 43.98 की औसत से 8,929 रन बनाए हैं। इसमें 21 शतक और 48 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 304* रन का रहा है।
उन्होंने भारत के लिए 21 टेस्ट मैचों में 41.33 की औसत से 1,488 रन बनाए हैं, जिसमें 2 दोहरे शतकों समेत 4 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं।
प्रदर्शन
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में भी किया शानदार प्रदर्शन
अनुभवी बल्लेबाज का हालिया भारतीय घरेलू सत्र बेहद बेहतरीन रहा था, जिसने उनकी फॉर्म को साबित किया है।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में मयंक ने 10 मैचों की 16 पारियों में 678 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने कुल 6 बार 50+ के स्कोर खड़े किए, जिसमें 2 शतक शामिल थे।
मयंक ने अपना एक शानदार शतक हुबली में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेले गए बड़े फाइनल मुकाबले में जड़ा था। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।