मुंबई टेस्ट: फील्डिंग करने नहीं उतरे मयंक और गिल, BCCI ने दिया बड़ा अपडेट
क्या है खबर?
मुंबई में चल रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। भारत ने न्यूजीलैंड को मैच जीतने के लिए 540 रनों का लक्ष्य दिया है। दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले मयंक अग्रवाल और शुभमन गिल फील्डिंग के लिए मैदान में नहीं आए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अब अपडेट देते हुए बताया है कि आखिर क्यों दोनों खिलाड़ी मैदान में नहीं उतरे हैं।
अपडेट
BCCI द्वारा दिया गया अपडेट
BCCI ने ट्विटर पर अपडेट देते हुए बताया कि मयंक को सावधानी के तौर पर फील्डिंग करने के लिए नहीं उतारा गया है।
अपडेट में कहा गया, "दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते समय मयंक को दाएं हाथ में चोट लगी थी। कल फील्डिंग करते समय शुभमन गिल के दाएं हाथ की अगुली कट गई थी। वह फील्डिंग के लिए आज मैदान में नहीं उतरेंगे।"
आपको बता दें कि गिल ने कल भी फील्डिंग नहीं की थी।
मयंक अग्रवाल
मयंक ने हासिल की ये उपलब्धि
पहली पारी में 150 रन बनाने वाले मयंक ने दूसरी पारी में भी अर्धशतक लगाकर अपनी शानदार लय को जारी रखा। इसके साथ ही वह वानखेड़े में दोनों पारियों में 50 से अधिक रन बनाने वाले चौथे भारतीय ओपनर बने हैं।
सबसे पहले 1978 में चेतन चौहान और सुनील गावस्कर ने यह कारनामा किया था। इसके बाद 1987 में कृष्णमचारी श्रीकांत ने भी दोनों पारियों में 50 से अधिक रन बनाए थे।
शुभमन गिल
दोनों पारियों में अर्धशतक से चूके गिल
गिल दोनों ही पारियों में अर्धशतक लगाने से चूक गए। पहली पारी में उन्होंने 44 और दूसरी पारी में 47 रनों की पारी खेली थी। चोट के कारण गिल दूसरी पारी में ओपनिंग करने नहीं आए थे।
पहली पारी में उन्होंने मयंक के साथ 80 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी। दूसरी पारी में उन्होंने विराट कोहली (36) के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े थे।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
मयंक ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में अपना चौथा शतक लगाया है। वह WTC में रोहित शर्मा (5) और दिमुथ करुणारत्ने (5) के बाद सर्वाधिक शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज बने हैं।