LOADING...
महेंद्र सिंह धोनी को मिला ICC का बड़ा सम्मान, हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल
महेंद्र सिंह धोनी ICC हॉल ऑफ फेम में सूची में हुए शामिल

महेंद्र सिंह धोनी को मिला ICC का बड़ा सम्मान, हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल

Jun 09, 2025
10:37 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को इंटरनेशन क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से बड़ा सम्मान दिया गया है। भारत को 2 बार विश्व विजेता बनाने वाले धोनी को प्रतिष्ठित ICC हॉल ऑफ फेम में जगह मिली है। वह इसमें जगह बनाने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके अलावा 6 अन्य महिला और पुरुष खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल किया गया है। बता दें, ICC हर साल कुल महान खिलाड़ियों को इस सूची में शामिल करती है।

अन्य

हाशिम अमला और मैथ्यू हेडन सहित इन खिलाड़ियों को भी मिली जगह

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल से पहले ICC की ओर से जारी की गई सूची में धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला, ग्रीम स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन और न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी को भी इस सूची में जगह मिली है। इसी तरह महिला खिलाड़ियों में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की सना मीर और इंग्लैंड की सारा टेलर को इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया गया है।

रिकॉर्ड

धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को दिलाए 3 ICC खिताब

धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान में से एक हैं। उन्होंने भारत को अपनी कप्तानी में 2007 टी-20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। धोनी भारत के एकमात्र कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने तीनों ICC खिताब जीते हैं। इसके अलावा उनके नेतृत्व में भारत ने 2010, 2016 में एशिया कप का खिताब भी जीता था। धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया था।

जानकारी

BCCI ने दी धोनी को बधाई

ICC हॉल ऑफ फेम में जगह मिलने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक्स पर लिखा, 'महान पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बधाई। वे इस सूची में शामिल होने वाले 11वें भारतीय क्रिकेटर हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें BCCI की पोस्ट

सम्मान

भारत के इन खिलाड़ियों को मिला चुका है यह सम्मान

धोनी से भारत के 10 अन्य खिलाड़ियों को भी इस सूची में शामिल किया जा चुका है। भारत की ओर से नीतू डेविड, वीरेंद्र सहवाग, डियान एडुल्जी, विनोद मांकड़, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और सुनील गावस्कर यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। गावस्कर और बिशन सिंह बेदी भारत की ओरह से ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उन्हें यह सम्मान 2009 में मिला था।

करियर

कैसा रहा है धोनी का अंतरराष्ट्रीय करियर?

धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 90 टेस्ट मैचों में 4,876 रन, 350 वनडे मैचों में 50.57 की औसत से 10,773 रन और 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 126.13 की स्ट्राइक रेट से 1,617 रन बनाए हैं। उन्होंने कुल 538 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 195 खिलाड़ियों को स्टम्प आउट किया था। इसी तरह 634 कैच भी लपके थे। वह बतौर कप्तान 110 वनडे मैच जीतने वाले एकमात्र भारतीय हैं। उन्होंने 15 अगस्त, 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।