Loading...
दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका, लुंगी एनगिडी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से हुए बाहर
लुंगी एनगिडी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं

दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका, लुंगी एनगिडी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से हुए बाहर

Sep 18, 2026
07:07 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। एनगिडी पिछले हफ्ते टाइटंस और डॉल्फिन्स के बीच खेले गए प्रथम श्रेणी मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। बुधवार को किए गए स्कैन से पुष्टि हुई है कि उन्हें ठीक होने में कुछ समय लगेगा। बता दें कि यह सीरीज 24 सितंबर से शुरू होगी।

गेंदबाजी

एनगिडी ने मुकाबले में की थी 16.3 ओवर गेंदबाजी

एनगिडी ने प्रथम श्रेणी मैच में डॉल्फिन्स की पहली पारी में 8 और दूसरी पारी में 8.3 ओवर गेंदबाजी की थी।

उनके तुलना में मार्को यानसन ने 26 और बेयर्स स्वानपोल ने 20.3 ओवर गेंदबाजी की थी। कुछ समय के लिए मैदान से बाहर रहने के बावजूद एनगिडी अपनी टीम के साथ मैच पूरा करने के लिए वापस लौटे।

एनगिडी का वनडे में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने इस प्रारूप में 29.13 की औसत से 115 विकेट लिए हैं।

बदलाव

मोकोएना को एनगिडी की जगह टीम में शामिल किया गया

एनगिडी की चोट के कारण टीम में बदलाव करने पड़े हैं।

दक्षिण अफ्रीका के नामीबिया दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 20 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज न्कोबानी मोकोएना को एनगिडी के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।

मोकोएना वेस्टर्न प्रोविंस के खिलाफ डॉल्फिन के लिए प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे थे, जब उन्हें राष्ट्रीय टीम में चुने जाने की सूचना मिली। वह मैच बीच में ही छोड़कर राष्ट्रीय टीम से जुड़ने के लिए रवाना हो गए।

ADVERTISEMENT

अन्य

ओटनील बार्टमैन भी सीरीज से हो चुके हैं बाहर

एनगिडी से पहले तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन भी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। प्रथम श्रेणी मैच में उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। उनकी जगह डुआन यानसन को टीम में शामिल किया गया है।

वनडे सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, एडेन मार्करम , क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोरजी, डेविड मिलर, रयान रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स, डुआन यानसन, गेराल्ड कोएत्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, क्वेना मफाका, नकोबानी मोकोएना, कॉर्बिन बॉश, मार्को यानसन और केशव महाराज।

ADVERTISEMENT