Page Loader
LSG बनाम MI: हार्दिक पांड्या IPL के इतिहास में 5 विकेट लेने वाले पहले कप्तान बने 
हार्दिक पांड्या ने कमाल की गेंदबाजी की (तस्वीर: एक्स/@IPL)

LSG बनाम MI: हार्दिक पांड्या IPL के इतिहास में 5 विकेट लेने वाले पहले कप्तान बने 

Apr 04, 2025
09:30 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) के 16वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच में उनकी उम्दा गेंदबाजी कोई बल्लेबाज समझ नहीं पाया। IPL में इस खिलाड़ी का यह पहला 5 विकेट हॉल है। वह IPL के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बने हैं, जिन्होंने 5 विकेट हॉल लिया है। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी

ऐसी रही हार्दिक की गेंदबाजी 

हार्दिक ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 36 रन देकर 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट 9 की रही। इस स्टार खिलाड़ी ने एडेन मार्करम (53), निकोलस पूरन (12), ऋषभ पंत (2), डेविड मिलर (27) और आकाश दीप (0) को अपना शिकार बनाया। उनके अलावा ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर और विग्नेश पुथुर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। LSG ने पहली पारी में 203/8 का स्कोर बनाया। मिचेल मार्श (60) के बल्ले से सबसे ज्यादा रन निकले।

कप्तान

कप्तान के तौर पर IPL में बेहतर प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज 

कप्तान के तौर पर हार्दिक से पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अनिल कुंबले के नाम था। उन्होंने IPL 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ 16 रन देकर 4 विकेट लिए थे। IPL 2010 में भी इस खिलाड़ी ने कप्तान के तौर पर 16 रन देकर 4 विकेट लिए थे। जेपी डुमिनी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी करते हुए IPL 2015 में 4/17 के आंकड़े दर्ज किए थे।

विकेट

IPL में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले कप्तान 

कप्तान के रूप में IPL में सबसे ज्यादा विकेट शेन वॉर्न (57) के नाम है। हार्दिक इस सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने कुंबले की बराबरी की है। RCB के इस पूर्व खिलाड़ी ने कप्तान के तौर पर IPL में 30 विकेट लिए थे। हार्दिक के नाम भी अब 30 विकेट हो गए हैं। तीसरे स्थान पर रविचंद्रन अश्विन हैं, जिन्होंने IPL में कप्तान करते हुए 25 विकेट लिए थे।

करियर

ऐसा रहा है हार्दिक का IPL करियर 

हार्दिक ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2015 में RCB के खिलाफ खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 140 मुकाबले खेले हैं। इसकी 96 पारियों में 30.90 की औसत से 72 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 9.03 की रही है। हार्दिक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/36 का है। IPL 2025 में इस खिलाड़ी ने 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 9.37 की औसत से 8 विकेट लिए हैं।