लॉर्ड्स टेस्ट: पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद का बयान, कहा- बल्लेबाजी है चिंता का विषय
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में जारी दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम टीम अपनी पहली पारी में महज 110 रनों पर सिमट गई, जिससे मेजबान इंग्लैंड को 180 रनों की विशाल बढ़त मिल गई है। टीम के इस शर्मनाक प्रदर्शन पर मुख्य कोच सरफराज अहमद ने बल्लेबाजी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। बता दें कि सीरीज के पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान टीम लीड्स में 171 और 135 रन पर ऑल आउट हो गई थी।
बयान
सरफराज ने क्या दिया बयान?
मैच के बाद मीडिया से बातचीत में सरफराज ने बल्लेबाजों की तकनीक और मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा, "हमारी बल्लेबाजी इस समय सबसे बड़ी चिंता का विषय है। दोनों ही टेस्ट मैचों में हमने बेहद खराब बल्लेबाजी की है। हमारी टीम लगातार 30 ओवरों में ही ऑलआउट हो गई। हम क्रीज पर समय बिताने में पूरी तरह असमर्थ रहे हैं। अगर बल्लेबाज शुरुआती 30-40 गेंदें खेल लें, तो बाद में रन बनाना आसान हो जाता है।"
सलाह
सरफराज ने खिलाड़ियों को दी घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह
कोच सरफराज ने बल्लेबाजों को प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने की हिदायत देते हुए कहा, "आपको घरेलू क्रिकेट खेलना ही होगा। अगर आप घरेलू क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं, तो यह आपकी गलती है। वह अनुभव आपको हमेशा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद करता है।"
बता दें कि पाकिस्तानी बल्लेबाजी का सांख्यिकीय विश्लेषण बेहद निराशाजनक है।
इस सीरीज की हर अगली पारी में टीम ने पिछली पारी की तुलना में कम रन बनाए हैं और कम गेंदों का सामना किया है।
संघर्ष
अजान ओवैस ही कर पाए संघर्ष
इस पूरी फ्लॉप बल्लेबाजी के बीच सरफराज ने युवा बल्लेबाज अजान ओवैस की तारीफ की, जिन्होंने 102 गेंदों का सामना करते हुए 46 रनों की जुझारू पारी खेली।
हालांकि, इतने खराब हालातों के बाद भी सरफराज का मानना है कि अगर उनके गेंदबाज इंग्लैंड की दूसरी पारी को अगले 70-80 रनों के भीतर समेट देते हैं, तो पाकिस्तान चौथी पारी में 300-350 रनों के लक्ष्य का पीछा कर मैच बचा सकता है।