लॉर्ड्स टेस्ट: इमाम उल हक दूसरी पारी में भी नहीं करेंगे बल्लेबाजी- रिपोर्ट
क्या है खबर?
इस समय पाकिस्तान क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। अब खबर है कि पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक इस लॉर्ड्स टेस्ट में मैदान पर नहीं उतरने वाले हैं। बता दें कि वह चोट के कारण इस टेस्ट में अपनी पहली पारी के दौरान बल्लेबाजी के लिए नहीं आए थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
इमाम को 10 दिन के आराम की दी गई है सलाह
इमाम की बाईं पिंडली (calf) में ग्रेड-1 का टियर (मांसपेशी फटना) पाया गया है।
ऐसे में उन्हें 10 दिन आराम करने की सलाह दी गई है।
क्रिकइंफो के मुताबिक, लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन स्टंप्स के समय इमाम को स्कैन के लिए ले जाया गया था, जिसके बाद उनकी चोट की गंभीरता का पता चला था।
वह चाय के ब्रेक के बाद से मैदान से बाहर रहे और उनकी जगह सलमान आगा सब्स्टीट्यूट के तौर पर फील्डर रहे हैं।
अपडेट
इमाम की चोट पर क्या रही थी पाकिस्तान की ओर से अपडेट?
लॉर्ड्स में दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले PCB ने कहा था कि इमाम का मैच में खेलना उनके इलाज पर निर्भर करेगा और तीसरे दिन स्टंप्स के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद अली ने इस सवाल को टाल दिया था।
अली ने पत्रकारों से कहा था कि वह इमाम की चोट के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाएंगे और PCB का मेडिकल पैनल इसका बेहतर जवाब देगा।
रिपोर्ट
पहले टेस्ट में भी फिटनेस से जूझते दिखे थे इमाम
भले ही इमाम की दूसरे टेस्ट के पहले दिन लगी हो, लेकिन वह पहले टेस्ट में भी फिटनेस कारणों से परेशान नजर आए थे।
हेडिंग्ले टेस्ट में पहली पारी के दौरान उन्हें टीम के मेडिकल पैनल से मैदान पर ही इलाज की जरूरत पड़ी और अपनी 42 रनों की पारी के दौरान उनके बाएं पैर की पिंडली पर पट्टी बांधी गई थी।
वह दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल सके थे और पाकिस्तान को टेस्ट में हार मिली थी।
पाकिस्तान
दूसरे टेस्ट में संकट में है पाकिस्तानी टीम
दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 290 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की पारी सिर्फ 110 रन पर ही सिमट गई।
पहली पारी के आधार पर मजबूत बढ़त बनाने वाली मेजबान टीम ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक 177/7 का स्कोर बनाया है। इंग्लैंड की कुल बढ़त फिलहाल 357 रन की हो गई है।
मैच में पकड़ बना चुकी इंग्लिश टीम लॉर्ड्स टेस्ट को जीतकर सीरीज में कब्जा जमाना चाहेगी।