कोरोना पॉजिटिव पाए गए लिवरपूल के स्टार फुटबॉलर मोहम्मद सालाह
मिस्त्र के स्टार फुटबॉलर मोहम्मद सालाह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एजिप्ट फुटबॉल एसोसिएशन ने इस खबर की पुष्टि की है। वह अफ्रीका कप ऑफ नेशंस क्वालीफायर में टोगो के खिलाफ मैच खेलने के लिए पहुंचे थे। इस मैच से पहले सालाह का टेस्ट कराया गया था जिसमें वह पॉजिटिव मिले हैं। फिलहाल वह स्वस्थ हैं और उनकी कुछ और जांच की जानी है। आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर।
सालाह में नहीं हैं किसी प्रकार के लक्षण- फेडरेशन
फेडरेशन ने अपने फेसबुक पेज पर जारी किए गए बयान में कहा कि उनके पहले नेशनल फुटबॉल टीम टेस्ट के दौरान स्टार खिलाड़ी सालाह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने आगे कहा, "खिलाड़ी में किसी प्रकार के लक्षण नहीं हैं। टीम के अन्य सदस्य निगेटिव पाए गए हैं। टीम के डॉक्टर ने सालाह के क्लब से बातचीत की और उसके बाद उन्हें मेडिकल प्रोटोकॉल में भेज दिया गया है।"
08 नवंबर को सिटी के खिलाफ खेले थे सालाह
कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से पहले सालाह ने 08 नवंबर को मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ अहम मुकाबला खेला था। उस मैच में सालाह द्वारा किए गए पेनल्टी गोल की बदौलत लिवरपूल ने सिटी को 1-1 के ड्रॉ पर रोका था। इस सीजन सालाह ने प्रीमियर लीग में आठ मैचों में आठ गोल दागे हैं और संयुक्त रूप से सबसे अधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं। लिवरपूल के लिए सालाह के बाद सादियो माने (4) ने सबसे अधिक गोल दागे हैं।
क्लौप्प की बढ़ गई है परेशानियां
वर्जिल वान डाइक और जो गोमेज के संभवतः पूरे सीजन के लिए बाहर हो जाने के बाद डिफेंस में परेशानी झेल रहे यर्गन क्लौप्प के लिए सालाह की खबर परेशानी बढ़ाने वाली है। फैबिनियो और ट्रेंट अलेक्जेंडर अर्नाल्ड भी चोटिल होने के कारण मैदान से दूर हैं। लिस्टर सिटी के खिलाफ अगले मुकाबले के लिए क्लौप्प के पास विकल्पों की कमी हो रही है। फिलहाल लिस्टर पहले और लिवरपूल तीसरे स्थान पर है।
पिछले महीने कोरोना पॉजिटिव मिले थे रोनाल्डो
12 अक्टूबर की रात फ्रांस के खिलाफ UEFA नेशंस लीग के मुकाबले में हिस्सा लेने के बाद 13 अक्टूबर को क्रिस्टियानो रोनाल्डो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। रोनाल्डो के अलावा पुर्तगाल टीम के अन्य खिलाड़ी निगेटिव पाए गए थे। क्वारंटाइन में होने के कारण रोनाल्डो ने बार्सिलोना के खिलाफ चैंपियन्स लीग का मुकाबला भी मिस किया था। हालांकि, पूरी तरह स्वस्थ होकर वह मैदान पर वापस लौट सके हैं।