न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले यश ठाकुर का कैसा है लिस्ट-A करियर? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें और आखिरी वनडे मैच में मोहम्मद सिराज और यश ठाकुर को शामिल किया। तेज गेंदबाज यश का यह वनडे अंतरराष्ट्रीय में पहला ही मैच है। भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने उन्हें डेब्यू कैप सौपीं। वह इससे पहले भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इस बीच यश के अब तक के सफर और लिस्ट-A करियर पर एक नजर डालते हैं।
परिचय
बचपन में वुशु खेलते थे यश ठाकुर
यश का जन्म 28 दिसंबर, 1998 को कोलकाता में हुआ। उनके पिता रवि सिंह ठाकुर अपने समय में राज्य स्तर के जूडो खिलाड़ी थे और साथ ही कराटे और क्रिकेट में भी हाथ आजमाते थे।
यश ने खेल की दुनिया में अपनी शुरुआत क्रिकेट के मैदान से नहीं, बल्कि मैट पर वुशु की प्रैक्टिस से की।
वह 3 साल तक इसमें लगे रहे और राज्य स्तर टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने में कामयाब हुए थे।
करियर
यश ने क्यों छोड़ा वुशु?
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, एक जिला-स्तरीय मैच में यश ने अपने प्रतिद्वंद्वी को नॉक-आउट करके जीत हासिल की थी।
जब उसके पिता यह खबर लेकर घर पहुंचे, तो उनकी मां काजल ठाकुर ने खुशी के बजाय चिंता जताई। उन्हें डर था कि कहीं एक दिन उनके बेटे का भी वही हाल न हो जाए।
यहीं पर उनका मार्शल आर्ट सीखने का उसका सफर समाप्त हुआ। इसके बाद यश का दाखिला नागपुर स्थित 'प्रवीण हिंगनिकर क्रिकेट अकादमी' में कराया।
करियर
2017 में की अपने पेशेवर क्रिकेट करियर की शुरुआत
यश ने 2017 में विदर्भ क्रिकेट टीम से अपने लिस्ट-A करियर की शुरुआत की।
उन्होंने अब तक 60 लिस्ट-A मैचों (वनडे डेब्यू से पहले तक) में 26.38 की औसत के साथ 97 विकेट चटकाए।
इस बीच उन्होंने एक पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया।
दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 35 प्रथम श्रेणी मैचों में 27.99 की औसत से 101 सफलताएं हासिल की।
विदर्भ में उन्होंने उमेश यादव के साथ खेलते हुए अपनी गेंदबाजी में खासा सुधार किया।
आंकड़े
भारत से 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं यश
यश ने इसी साल जुलाई में जिम्बाब्वे के दौरे पर अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
अब तक उन्होंने 4 मैचों की 3 पारियों में 18.40 की औसत और 9.20 की इकॉनमी रेट के साथ 5 विकेट लिए हैं।
वह हाल ही में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ लिस्ट-A मैचों में खेले थे। इंडिया-A की ओर से उन्होंने उस सीरीज में 3 मैचों में 7 विकेट लिए थे।