Page Loader
IPL 2024 में MI के गेंदबाजी कोच होंगे लसिथ मलिंगा, शेन बॉन्ड की लेंगे जगह- रिपोर्ट 
IPL 2024 में MI के गेंदबाजी कोच होंगे लसिथ मलिंगा (तस्वीर: ट्विटर/@mipaltan)

IPL 2024 में MI के गेंदबाजी कोच होंगे लसिथ मलिंगा, शेन बॉन्ड की लेंगे जगह- रिपोर्ट 

Aug 19, 2023
07:07 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) को अपनी सेवाएं देते हुए नजर आएंगे। दरअसल रिपोर्ट्स के मुताबिक, मलिंगा IPL 2024 में MI के गेंदबाजी कोच की भूमिका में नजर आएंगे। वह वह शेन बॉन्ड का स्थान लेंगे, जो पिछले 9 सीजन से इस पद पर बने हुए थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

मलिंगा का MI के सपोर्ट स्टाफ के तौर पर होगा दूसरा कार्यकाल 

क्रिकइंफो के अनुसार, MI के सपोर्ट स्टाफ के तौर पर यह मलिंगा का दूसरा कार्यकाल होगा। इससे पहले वह 2018 में उनके मेंटोर के रूप में काम कर चुके हैं। हालांकि, वह IPL 2019 में बतौर खिलाड़ी खेले थे। इसके बाद IPL से संन्यास लेने के बाद मलिंगा 2022 में राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम में तेज गेंदबाजी कोच के रूप में शामिल हुए थे। RR के साथ उन्होंने 2 सीजन काम किया था।

उपयोगिता 

MI के साथ बतौर सपोर्ट स्टाफ अपनी उपयोगिता सिद्ध कर चुके हैं मलिंगा 

2018 सीजन में मलिंगा मेंटोर के रूप में अपनी उपयोगिता सिद्ध की थी। मैदान पर उतरे बिना मलिंगा ने MI के गेंदबाजों के साथ अपना अनुभव साझा किया और उनका सर्वश्रेष्ठ निकलवाने का काम किया। 2018 सीजन में हार्दिक पंड्या ने 13 मैचों में MI के लिए सबसे अधिक 18 विकेट लिए थे तो वहीं जसप्रीत बुमराह ने 14 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि, MI अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही थी।

आंकड़े 

MI की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं मलिंगा 

मलिंगा MI की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। IPL में मलिंगा ने 122 मैचों में 19.80 की औसत से 170 विकेट लिए। इस बीच उनका इकॉनमी रेट 7.14 का रहा। मलिंगा का सर्वश्रेष्ठ सीजन 2011 में आया था, जब उन्होंने 16 मैचों में 28 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की थी। उस सीजन MI एलिमिनेटर में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ हारकर बाहर हुई थी।

MI 

पिछले सीजन में क्वालीफायर-2 से आगे नहीं बढ़ पाई थी MI 

IPL 2023 में MI की टीम क्वालीफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) से हार गई थी। अब तक MI ने संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) खिताब पर कब्जा जमाया है। ऐसे में मलिंगा की वापसी के बाद टीम IPL 2024 में अपने छठे खिताब को जीतने की कोशिश करेगी।